कोटा। राजस्थान की शैक्षणिक नगरी के रूप में विख्यात कोटा अब अपनी ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत के दम पर पर्यटन मानचित्र पर नई इबारत लिखने को तैयार है। हाल ही में आयोजित 'कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट' की सफलता के बाद चंबल की लहरों और हाड़ौती की वादियों में देशी-विदेशी पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ने लगी है। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की बारां में संपन्न हुई महत्वपूर्ण बैठक ने इस उत्साह को एक संगठित स्वरूप प्रदान किया है, जहाँ आगामी सीजन के लिए विशेष पर्यटन पैकेजों और सुविधाओं की रूपरेखा तैयार की गई।

फेडरेशन के संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी और महासचिव संदीप पाडिया ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों में कोटा और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों के कई बड़े ग्रुप आए हैं। दिल्ली और इंदौर से आए पर्यटकों ने जहाँ सुखधाम कोठी की भव्यता का आनंद लिया, वहीं गुजरात के पर्यटकों ने बोरखेड़ा नया नोहरा स्थित 'द फर्न होटल' में विश्राम किया। जयपुर से आए सैलानियों ने झालावाड़ रोड स्थित होटल कन्ट्रीन को अपनी पसंद बनाया। पर्यटन की इस लहर का अंतरराष्ट्रीय प्रभाव तब देखने को मिला जब उदयपुर से रणथंबोर जा रहे ऑस्ट्रेलियाई पर्यटकों का एक समूह बूंदी के 'हाड़ौती पैलेस' में रुका और वहां से उन्होंने कोटा के प्रमुख पर्यटन स्थलों का दीदार किया।

पर्यटन को नई गति देने के लिए फेडरेशन द्वारा चार विशेष आइटनरी (भ्रमण कार्यक्रम) तैयार की जा रही हैं। इसमें पांच दिवसीय पैकेज के तहत कोटा में दो दिन, जबकि बारां, बूंदी और झालावाड़ में एक-एक दिन का प्रवास शामिल है। वहीं तीन दिवसीय लघु पैकेज में दो दिन कोटा और एक दिन पड़ोसी जिलों के भ्रमण का कार्यक्रम तय किया गया है। अशोक माहेश्वरी ने जानकारी दी कि एम एम ट्रेवल्स जीरकपुर के सचिव सचिन कुमार और हनी गोल्ड ट्रेवल्स के प्रवीण बंसल की ओर से देशभर की शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों के लिए इकोनॉमी पैकेज की विशेष मांग की गई है। इस मांग को देखते हुए कोटा में वर्तमान में उपलब्ध हॉस्टलों का उपयोग पर्यटन आवास के रूप में करने की योजना है, जिससे छात्रों को कम दरों पर विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी।

फेडरेशन का यह कदम न केवल कोटा के खाली पड़े हॉस्टलों को नया जीवन देगा, बल्कि हाड़ौती को शिक्षण संस्थानों के वार्षिक शैक्षणिक भ्रमण (Annual Educational Tours) से भी जोड़ देगा। बारां इकाई के सदस्यों के साथ बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर चर्चा करते हुए अशोक माहेश्वरी ने सभी का आभार जताया जिन्होंने ट्रैवल मार्ट में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने होटल व्यवसायियों से आह्वान किया कि पर्यटकों का आतिथ्य सत्कार 'अतिथि देवो भव:' की भावना से किया जाए ताकि देश-दुनिया में एक सकारात्मक संदेश जाए। फेडरेशन की टीम आगामी दिनों में बूंदी और झालावाड़ का भी दौरा करेगी ताकि पर्यटन के इस साझा प्रयास को सार्थक बनाया जा सके।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story