कोटा।

कोटा जिला वैश्य महासम्मेलन द्वारा आगामी 16 नवम्बर 2025 को सीएडी ग्राउंड में आयोजित किए जाने वाले वैश्य अन्नकूट महोत्सव एवं वैश्य महासंगम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को एमबी इंटरनेशनल स्कूल, महावीर नगर थर्ड में कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दिनेश विजय ने की, जिसमें विभिन्न घटकों के पदाधिकारी, प्रबुद्धजन, महिला प्रतिनिधि एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत समाज के उद्देश्यों और आगामी भव्य आयोजन के संकल्प के साथ हुई। मुख्य संयोजक महेश गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष का अन्नकूट महोत्सव ऐतिहासिक और प्रेरणास्पद होगा, जो समाज में सामूहिकता, सेवा और संस्कारों का सशक्त संदेश देगा। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से यह आयोजन एक नई मिसाल कायम करेगा।

पूर्व महापौर एवं वैश्य समाज के संरक्षक महेश विजय ने बताया कि आयोजन को सुव्यवस्थित रूप देने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जिनमें समाज के प्रतिनिधियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। भोजन व्यवस्था समिति का नेतृत्व राम विलास जैन, मंच व्यवस्था समिति का नेतृत्व भुवनेश गुप्ता, टोकन वितरण समिति का नेतृत्व सत्यप्रकाश गुप्ता एवं रविन्द्र गुप्ता, टेंट व्यवस्था समिति का नेतृत्व जगदीश अग्रवाल चुनेवाले, जबकि भोजन वितरण समिति का नेतृत्व द्वारका प्रसाद खंडेलवाल करेंगे।

दिनेश विजय ने कहा कि सभी घटक संगठनों का भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है, और इस बार अन्नकूट को भव्य, वृहद एवं सामाजिक दृष्टि से उपयोगी रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। उप संयोजक प्रवीण गुप्ता ने बताया कि आयोजन के माध्यम से समाज में व्याप्त आंशिक कुरीतियों को दूर करने का भी संदेश दिया जाएगा।

बैठक में विशेष अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता पंकज मेहता उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल को समाज की एकता का प्रतीक बताया और कहा कि यह आयोजन समाज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।

रजनी गुप्ता ने बताया कि आयोजन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रहेगी। सत्कार समिति के माध्यम से आने वाले प्रत्येक समाजबंधु का आदरपूर्वक स्वागत किया जाएगा और भोजन परोसने में समाज की बेटियां अग्रणी भूमिका निभाएंगी। सह संयोजक प्रकाश चंद गुप्ता और हेमंत जैन ने कहा कि सभी समितियां आपसी समन्वय और सहयोग की भावना से कार्य कर रही हैं। इस बार सभी घटक समाज अपने-अपने आराध्य देव की झांकियां प्रदर्शित करेंगे, जिससे युवाओं में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक जुड़ाव बढ़ेगा।

युवा अध्यक्ष रामबाबू गुप्ता और युवती अध्यक्ष महिमा बंसल ने कहा कि युवा टीम आयोजन के हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है और वरिष्ठों के अनुभव से प्रेरणा लेकर कार्य कर रही है।

भुवनेश गुप्ता और जगदीश अग्रवाल चुनेवाले ने बताया कि इस महोत्सव में बेटी व्यवहार, प्लास्टिक मुक्त आयोजन और भोजन की बर्बादी रोकने जैसे सामाजिक संदेश भी दिए जाएंगे। कोषाध्यक्ष सत्यप्रकाश गुप्ता एवं कार्यकारी अध्यक्ष रविन्द्र कुमार गुप्ता ने कहा कि अन्नकूट महोत्सव के माध्यम से समाज में संस्कार, बड़ों का आदर और भारतीय संस्कृति के अध्ययन जैसे मूल्यों को प्रोत्साहन मिलेगा।

बैठक में प्रदेश महिला उपाध्यक्ष पुष्पांजलि विजय, अग्रवाल समाज युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमराज जिंदल, अग्रसेन संस्कार समिति अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल, चित्तोडा समाज अध्यक्ष पुरुषोत्तम चित्तोडा, मेडतवाल समाज के राधेश्याम गुप्ता, माथुर वैश्य समाज अध्यक्ष के.पी. गुप्ता, महावर समाज महामंत्री शिव कुमार गुप्ता, विजयवर्गीय समाज पूर्व अध्यक्ष गिर्राज विजय सहित 18 समाजों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाने का संकल्प लिया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story