विराट परिचय सम्मेलन में समाज का ऐतिहासिक संगम, 1250 युवक-युवतियों ने रिश्तों की नई शुरुआत की
कोटा में आयोजित श्री मेड़तवाल वैश्य समाज के दो दिवसीय विराट परिचय सम्मेलन में 1250 युवक-युवतियों ने भाग लिया। मंचीय परिचय, पारिवारिक संवाद और सामाजिक मेल-मिलाप के माध्यम से समाज में योग्य जीवनसाथी चयन की ऐतिहासिक पहल देखने को मिली।

कोटा। सामाजिक एकता, पारिवारिक संवाद और संस्कारों के सशक्त मंच के रूप में श्री मेड़तवाल वैश्य समाज का दो दिवसीय विराट परिचय सम्मेलन कोटा में भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। बाबाश्री गार्डन स्थित स्वर्गीय इंद्रदेव आर्य परिसर में आयोजित इस सम्मेलन में समाज के 1250 पंजीकृत युवक-युवतियों ने भाग लिया, जिनमें से 728 ने मंच से अपना परिचय प्रस्तुत किया। हजारों अभिभावकों की उपस्थिति ने इस आयोजन को केवल एक परिचय सम्मेलन नहीं, बल्कि सामाजिक मेले का स्वरूप प्रदान कर दिया।
श्री मेड़तवाल वैश्य समाज, इंदौर एवं श्री मेड़तवाल सोशल ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य समाज के भीतर ही योग्य और संस्कारित जीवनसाथी का चयन सुनिश्चित करना रहा। अभिभावकों ने आपसी संवाद के माध्यम से अपने बच्चों के भविष्य को लेकर गंभीर चर्चाएं कीं और समाज में रिश्तों को मजबूत करने पर बल दिया।
सम्मेलन का शुभारंभ मां फलौदी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, श्री फलौदी माताजी महाराज प्रन्यास खैराबाद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सेठ मोहनदास करोड़िया, राष्ट्रीय महामंत्री पुरुषोत्तम घाटिया, समिति महामंत्री विष्णुप्रसाद करोड़िया, वरिष्ठ समाजसेवी केदार काका और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष कैलाशचंद दलाल सहित अनेक गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मेड़तवाल वैश्य समाज, इंदौर के अध्यक्ष शक्तिनाथ गुप्ता और महामंत्री लक्ष्मीनारायण मेड़तवाल ने बताया कि सम्मेलन के पहले चरण में राजस्थान और मध्यप्रदेश के गांवों, कस्बों और शहरों के साथ-साथ मुंबई, पुणे, दिल्ली, अहमदाबाद, सूरत, बेंगलुरु, हैदराबाद, गुरुग्राम, जयपुर, भोपाल, इंदौर और कोटा जैसे बड़े शहरों से आए युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
सम्मेलन की खास बात यह रही कि इसका ऑनलाइन लाइव प्रसारण भी किया गया, जिससे अमेरिका, लंदन और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में रहने वाले समाजजन भी इससे जुड़े। यूएसए से सुनीता भंडारी, लंदन से डॉ. आशा गुप्ता और ऑस्ट्रेलिया से आर.के. गुप्ता सहित कई लोगों ने इसे समाज को जोड़ने वाला प्रभावशाली प्रयास बताया।
परिचय सम्मेलन से पूर्व वितरित की गई जीवनसाथी परिचय स्मारिका ने अभिभावकों को युवक-युवतियों की आयु, शिक्षा, गोत्र, व्यवसाय, वार्षिक आय और पारिवारिक पृष्ठभूमि की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई। मंचीय परिचय और व्यक्तिगत संवाद के दौरान युवाओं ने अपने स्वभाव, रुचियों, शिक्षा और करियर को लेकर खुलकर बातचीत की। कोटा, रामगंजमंडी, भवानीमंडी, सुकेत, मोड़क, चेचट और सुनेल सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने पहले और दूसरे दौर की चर्चाओं में भाग लिया।
‘चाय पर चर्चा’ जैसे संवाद सत्रों ने माहौल को और सहज बना दिया, जहां युवाओं ने बिना किसी झिझक के एक-दूसरे से मुलाकात की। अभिभावकों ने बच्चों की पसंद को प्राथमिकता देते हुए खुले मन से बातचीत को बढ़ावा दिया, जिससे पूरे परिसर में सामाजिक उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण दिखाई दिया।
सम्मेलन के समापन अवसर पर समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों और पूर्व अधिकारियों ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आज समाज के युवा व्यापार, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, आईटी, कानून, चार्टर्ड अकाउंटेंसी और प्रशासनिक सेवाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। ऐसे में समाज को जोड़ने और योग्य रिश्तों का मंच प्रदान करने के लिए इस तरह के परिचय सम्मेलन समय की आवश्यकता हैं।
दो दिवसीय आयोजन में दूर-दराज से आए प्रतिभागियों और अभिभावकों के लिए आवास, भोजन और अल्पाहार की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। निःशुल्क चाय और सैंडविच सेवा के साथ अतिथि सत्कार ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया। विराट परिचय सम्मेलन ने न केवल रिश्तों की नई शुरुआत कराई, बल्कि मेड़तवाल समाज की एकता, संगठन क्षमता और भविष्य के प्रति उसकी सामूहिक सोच को भी सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
