कोटा, 29 नवंबर 2025: राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा (आरटीयू) में विज्ञान और तकनीकी शिक्षा के प्रति युवाओं की जिज्ञासा को जागृत करने के उद्देश्य से एक भव्य तीन दिवसीय “विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी” का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 1 से 3 दिसंबर तक विश्वविद्यालय के स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर में आयोजित होगी, जिसमें 3000 से अधिक विद्यार्थी भाग लेने की संभावना है।

इस प्रदर्शनी का आयोजन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के स्पेस एप्लीकेशन सेंटर, अहमदाबाद के सहयोग से किया जा रहा है। आरटीयू के सह जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि प्लेसमेंट एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ. मनीष चतुर्वेदी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के लिए जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि संदीप शर्मा, विधायक – कोटा दक्षिण होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में इसरो की वरिष्ठ वैज्ञानिक नेहा गौड़ और डॉ. एसपी व्यास उपस्थित रहेंगे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. बीएल वर्मा, वीएमओयू कुलगुरु होंगे।

कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को उपग्रहों, प्रक्षेपण यानों और अंतरिक्ष अनुसंधान के विविध क्षेत्रों से जुड़े इसरो की संपूर्ण गतिविधियों की जानकारी प्राप्त होगी। यह प्रदर्शनी न केवल वैज्ञानिक ज्ञान को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगी, बल्कि विद्यार्थियों को भारत की वैज्ञानिक विरासत से परिचित कराएगी।

विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि आरटीयू की वर्ष 2004 की पूर्व छात्रा नेहा गौड़, जो वर्तमान में इसरो के अहमदाबाद स्थित स्पेस एप्लीकेशन सेंटर में सीनियर साइंटिस्ट के पद पर कार्यरत हैं, ने इस प्रदर्शनी के आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके प्रयासों के चलते ही आरटीयू को यह अनूठा अवसर प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त इसरो के विख्यात सीनियर साइंटिस्ट डॉ. एसपी व्यास, जो साइंटिफिक रिसर्च और ट्रेनिंग डिवीज़न के पूर्व प्रमुख रह चुके हैं, भी प्रदर्शनी में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और अंतरिक्ष एवं विज्ञान में करियर की संभावनाओं पर मार्गदर्शन देंगे।

प्रदर्शनी में उपग्रहों, रॉकेटों और अंतरिक्ष मिशनों के मॉडल, कार्यरत वैज्ञानिक प्रदर्शन, ऑर्बिट डेमो, डॉक्यूमेंट्री फिल्में, क्विज़, ड्राइंग और अन्य इंटरैक्टिव प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। यह अनुभव विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक और करियर उन्मुख साबित होगा। प्रदर्शनी बच्चों और युवाओं के बीच अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जिज्ञासा उत्पन्न करेगी और भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों, चंद्रयान-मंगलयान मिशन, रिमोट सेसिंग और नेविगेशन जैसी वैज्ञानिक गतिविधियों के बारे में व्यापक जानकारी प्रदान करेगी।

कोटा जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों एवं कॉलेजों में इस प्रदर्शनी को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है, और अब तक लगभग 35 विद्यालयों और महाविद्यालयों ने भागीदारी सुनिश्चित की है। यह प्रदर्शनी न केवल तकनीकी शिक्षा की दिशा में विद्यार्थियों को प्रेरित करेगी, बल्कि उन्हें वैज्ञानिक सोच और नवाचार की ओर भी मार्गदर्शन प्रदान करेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story