कोटा। देश की शैक्षणिक राजधानी कोटा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अकादमिक श्रेष्ठता का लोहा मनवाया है। इंटरनेशनल मैथेमेटिकल ओलंपियाड की दिशा में महत्वपूर्ण माने जाने वाले दूसरे चरण, रीजनल मैथेमेटिकल ओलंपियाड (आरएमओ) के परिणाम घोषित होते ही एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड के विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। एलन के कुल 229 विद्यार्थियों का चयन इंडियन नेशनल मैथेमेटिकल ओलंपियाड (आईएनएमओ) के लिए हुआ है, जो संस्थान और कोटा दोनों के लिए गौरव का विषय है।

एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के प्रेसिडेंट विनोद कुमावत ने जानकारी देते हुए बताया कि आरएमओ परीक्षा का आयोजन मैथेमेटिक्स टीचर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया और होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन (एचबीसीएसई) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था। इसी परीक्षा के आधार पर देशभर से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन आईएनएमओ के लिए किया गया है। उन्होंने बताया कि भारत में गणितीय ओलंपियाड कार्यक्रम का संचालन भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय उच्च गणित बोर्ड द्वारा किया जाता है, जिसकी जिम्मेदारी एचबीसीएसई निभाता है।

गणितीय ओलंपियाड की यह पूरी प्रक्रिया पांच चरणों में आयोजित होती है। पहले चरण इंडियन ओलंपियाड क्वालिफायर इन मैथेमेटिक्स में एलन के 1198 विद्यार्थियों ने आरएमओ के लिए क्वालिफाई किया था। इसके बाद आरएमओ के परिणामों में देशभर से कुल 1092 विद्यार्थियों का चयन आईएनएमओ के लिए हुआ, जिनमें से 229 विद्यार्थी अकेले एलन संस्थान से हैं। यह आंकड़ा एलन की सुदृढ़ अकादमिक तैयारी और छात्रों की कड़ी मेहनत का स्पष्ट प्रमाण है।

अब चयनित विद्यार्थी तीसरे चरण, इंडियन नेशनल मैथेमेटिकल ओलंपियाड में भाग लेंगे, जो 18 जनवरी 2026 को देशभर में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद चौथे चरण, आईएमओ ट्रेनिंग कैंप के माध्यम से अंतिम रूप से चुने गए छह विद्यार्थियों की टीम भारत का प्रतिनिधित्व इंटरनेशनल मैथेमेटिकल ओलंपियाड 2026 में करेगी। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता वर्ष 2026 में चीन के शंघाई में आयोजित की जाएगी।

एलन के विद्यार्थियों की यह सफलता न केवल संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाती है, बल्कि कोटा को वैश्विक स्तर पर गणितीय प्रतिभाओं के केंद्र के रूप में भी स्थापित करती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story