लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में इस माह एक ऐसा इतिहास रचा जाने जा रहा है, जिसे देश भर के स्काउट-गाइड लंबे समय तक याद रखेंगे। भारत स्काउट और गाइड की डायमंड जुबली का ग्रैंड फिनाले और 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी 23 से 29 नवंबर 2025 तक वृंदावन योजना के सेक्टर 15 में भव्य पैमाने पर आयोजित की जाएगी, जिसमें देश-विदेश से लगभग 30 हजार प्रतिनिधि भाग लेंगे। राजस्थान से 1600 सदस्यीय दल और कोटा मंडल से खास तौर पर 200 सदस्य इस राष्ट्रीय महाकुंभ में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

जंबूरी से पूर्व कोटा मंडल का दल 19 से 21 नवंबर तक जयपुर के जगतपुरा में आयोजित होने वाले गेट-टुगेदर में भाग लेगा, जिसके बाद 21 नवंबर को पूरा दल लखनऊ के लिए प्रस्थान करेगा। जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने बताया कि इस बार जंबूरी की थीम “विकसित युवा – विकसित भारत” रखी गई है, जिसका उद्देश्य आत्मनिर्भर, सक्षम और नेतृत्वकारी युवा पीढ़ी के निर्माण की दिशा में संदेश देना है।

जंबूरी के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 नवंबर को उपस्थित रहेंगे। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इस आयोजन की चीफ पैट्रन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पैट्रन-इन-चीफ के रूप में कार्यक्रम को मार्गदर्शन देंगे। राजस्थान की ओर से फिजिकल डिस्प्ले प्रतियोगिता का जिम्मा इस बार कोटा मंडल को सौंपा गया है, जिससे मंडल की तैयारियों को विशेष महत्व मिल रहा है।

पूरे सप्ताह चलने वाले इस आयोजन में स्काउट-गाइड्स के लिए अनेक श्रेणियों में गतिविधियाँ और प्रतियोगिताएँ होंगी। सब-कैंप एक्टिविटीज, जॉइंट ग्रुप एक्टिविटीज और इंडिविजुअल एक्टिविटीज के तहत स्काउट-गाइड स्किल्स, पायनियरिंग प्रोजेक्ट्स, रंगोली, मार्चपास्ट, फिजिकल डिस्प्ले, स्टेट गेट, एग्ज़िबिशन, फोक डांस, एथनिक फैशन शो, बैंड परेड और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ कार्यक्रम को जीवंत बनाएंगी। एडवेंचर जोन में जिपलाइन, स्काई साइक्लिंग, वॉल क्लाइम्बिंग और ब्लैक ब्रिज जैसी रोमांचक गतिविधियाँ युवा प्रतिभागियों को नया अनुभव देंगी।

आयोजकों ने 25 से 27 नवंबर तक सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक डे विजिटर्स के लिए प्रवेश की अनुमति रखने का निर्णय लिया है, जिसके चलते बाहरी दर्शक भी जंबूरी की विविध गतिविधियों को नजदीक से देख सकेंगे। इसी दौरान 26 नवंबर को प्रातः 10 बजे “राष्ट्रपति स्काउट एंड गाइड गिल्ड गैदरिंग” आयोजित की जाएगी, जिसमें राष्ट्रपति रोवर-रेंजर, स्काउट और गाइड शामिल होंगे। इस अवसर पर “लीडरशिप, लाइफ लॉन्ग स्काउटिंग स्पिरिट और एंड्योरिंग लिगेसी ऑफ इंडिया’s हाइएस्ट स्काउट एंड गाइड रिकॉग्निशन” पर विशेष चर्चा होगी और योग्य प्रतिभागियों को राष्ट्रपति गिल्ड बैज प्रदान किए जाएंगे।

राष्ट्रीय जंबूरी न केवल स्काउट-गाइड्स के कौशल, अनुशासन और टीमवर्क का प्रदर्शन है, बल्कि यह देश के युवाओं को नेतृत्व, सेवा और राष्ट्रनिर्माण की भावना से जोड़ने वाला ऐतिहासिक मंच भी है। इस बार कोटा मंडल की सक्रिय भूमिका और राजस्थान की व्यापक भागीदारी इस आयोजन को और खास बनाती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story