कोटा में शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वाभिमान आंदोलन एवं स्वामी विवेकानंद विचार संस्थान द्वारा एक सघन वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत एमबीएस रोड स्थित ट्रक यूनियन के पास शहर में सघन वृक्षारोपण करते हुए 100 छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण के इस विशेष कार्यक्रम में कदम, नीम, बरगद, पीपल, जामुन और बिल्वपत्र जैसी विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।

स्वामी विवेकानंद विचार संस्थान के अध्यक्ष एडवोकेट गिरिराज गुप्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह विभाग कार्यवाह श्याम बिहारी नागर, विद्या भारती के प्रांतीय सचिव विमल जैन, जटाशंकर शर्मा एवं नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी ने बतौर अतिथि सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्याम बिहारी नागर ने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष में निर्धारित पांच प्रमुख कार्यों में प्रकृति संरक्षण एक महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने पर्यावरण संतुलन पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की यह जिम्मेदारी है कि वह प्रकृति का संरक्षण करे, क्योंकि प्रकृति के निरंतर दोहन से उपजे दुष्परिणाम आज पूरी दुनिया देख रही है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी ने पौधों के रोपण के साथ ही उनके संरक्षण को अधिक महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जाता है, लेकिन लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल ही अभियान को सार्थक बनाती है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

संस्थान के अध्यक्ष एडवोकेट गिरिराज गुप्ता ने संगठन की पूर्व गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि करणेश्वर हाउसिंग योजना क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में करीब 1500 पौधे लगाए जा चुके हैं, जिनकी निरंतर देखभाल के परिणामस्वरुप वे आज अच्छी तरह विकसित हो रहे हैं। कार्यक्रम के समापन पर संस्थान के महामंत्री धवल सिंघल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Updated On
Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story