खेरवाड़ा कस्बे में विद्या निकेतन विद्यालय से आगे स्थित एमबीसी पुलिया मलबा और गाद जमा होने के कारण लगभग पूरी तरह बंद हो चुकी है। बरसात के मौसम में कम वर्षा होने पर भी पानी की निकासी बाधित होने से पानी पुलिया के ऊपर से बहने लगता है, जिससे एक बार फिर सड़क मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी कारण पुलिया के ऊपर से पानी बहा था, जिसके चलते एमबीसी गेट के आगे का सड़क मार्ग क्षतिग्रस्त होकर टूट गया था। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिया की सफाई कर उसमें जमा मलबा नहीं हटाया गया तो इस मानसून में भी पिछले वर्ष जैसी स्थिति दोबारा बन सकती है। इससे सड़क मार्ग को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ आवागमन पूरी तरह बाधित होने का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार यदि सड़क दोबारा टूटती है तो कारछा, जवास, झूंथरी, सुवेरी सहित आसपास के कई गांवों का खेरवाड़ा मुख्यालय से सीधा संपर्क टूट जाएगा। ऐसी स्थिति में स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों तथा आम नागरिकों को बायडी होकर लंबा चक्कर लगाकर खेरवाड़ा आना पड़ेगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की अनावश्यक बर्बादी होगी।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करते हुए जनहित में एमबीसी पुलिया से तत्काल मलबा हटाने और पानी की सुचारु निकासी सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर मानसून के दौरान पिछले वर्ष जैसी स्थिति की पुनरावृत्ति हो सकती है, जिससे सड़क मार्ग और ग्रामीणों की आवाजाही दोनों प्रभावित होंगी।

Updated On
Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story