खेरवाड़ा में फुटपाथ पर दुकान चलाकर अपना गुजारा कर रही 85 वर्षीय वृद्ध विधवा सोहन बाई की व्यथा की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के भामाशाह मदद के लिए आगे आए। भामाशाह एवं संयुक्त व्यापार महासंघ संस्थान के संरक्षक पारस जैन वृद्ध विधवा की फुटपाथ पर स्थित दुकान पर पहुंचे और व्यवसाय चलाने के लिए उन्हें आर्थिक सहयोग प्रदान किया।

पारस जैन ने विधवा के व्यवसाय स्थल से संबंधित अधिकारियों को दूरभाष पर वृद्ध विधवा के हालात की जानकारी दी तथा उन्हें प्रशासनिक स्तर पर हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए कहा।

वृद्ध विधवा सोहन बाई पिछले 65 वर्षों से खेरवाड़ा कस्बे के शास्त्री बाजार में फुटपाथ पर बैठकर अपना गुजारा कर रही हैं। उनके पास स्वयं का मकान भी नहीं है और वह एक कमरा किराए पर लेकर उसमें गुजर-बसर कर रही हैं। इसके साथ ही विधवा सोहन बाई पर अपने दिव्यांग पुत्र और उसके दो बच्चों के भरण-पोषण की भी जिम्मेदारी है।

विधवा का एक पुत्र रोजगार की तलाश में अन्य जगह चला गया है, जबकि उनके साथ रहने वाले दिव्यांग पुत्र को भी पिछले एक वर्ष से मिलने वाली पेंशन बंद पड़ी है। ऐसे में परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी पूरी तरह सोहन बाई पर होने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

वृद्ध विधवा की स्थिति की जानकारी सामने आने के बाद पारस जैन द्वारा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और संबंधित अधिकारियों को प्रशासनिक सहयोग के लिए अवगत कराना उनके लिए राहत की पहल के रूप में सामने आया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story