भजनलाल सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकास प्रदर्शनी कार्यक्रम उस समय अचानक तीखे राजनीतिक और प्रशासनिक सवालों का मंच बन गया, जब करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने जिले की बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. जयंतीलाल मीणा पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया।

मंगलवार, 16 दिसंबर को शाम करीब चार बजे जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सूचना केंद्र टाउन हॉल में विकास प्रदर्शनी एवं स्कूटी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने करौली जिले में चिकित्सा सेवाओं की अव्यवस्थाओं का मुद्दा उठाते हुए CMHO से सीधे सवाल किए। उन्होंने जिले में व्याप्त अवैध लैबों, कमजोर निगरानी और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही को लेकर गहरी नाराजगी जाहिर की।

विधायक गुर्जर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार चरमरा रही है और जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने इस संबंध में विधानसभा में प्रश्न लगाने के साथ-साथ मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा मंत्री तक औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की चेतावनी भी दी। इस दौरान करौली भाजपा जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह जादौन भी अवैध लैबों और चिकित्सा अनियमितताओं को लेकर असंतोष जताते नजर आए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए CMHO डॉ. जयंतीलाल मीणा को जिले में संचालित अवैध लैबों पर की गई कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा दो दिन के भीतर प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर के इस निर्देश को प्रशासनिक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

कलेक्ट्रेट में आयोजित यह कार्यक्रम जहां सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का मंच था, वहीं स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवालों ने प्रशासन और चिकित्सा विभाग के सामने गंभीर चुनौतियों को उजागर कर दिया। अब सभी की निगाहें CMHO की रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं, जो करौली जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा तय करने में निर्णायक भूमिका निभा सकती है।

Rajendra Kumbhakar, Karauli

Rajendra Kumbhakar, Karauli

नाम: राजेन्द्र प्रसाद कुम्भाकर

वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा

परिचय 

राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:

  • टीएनआई आवाज
  • समाचार प्लस
  • न्यूज भारत
  • दैनिक भास्कर डिजिटल
  • पब्लिक एप
  • शुरू एप
  • करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
  • राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story