सपोटरा नगर में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ नगरपालिका प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना के निर्देश पर नगरपालिका प्रशासन ने 17 नवंबर सोमवार को दोपहर लगभग 4 बजे शहर की सड़कों से अवैध कब्जा हटाने के लिए अंतिम चेतावनी जारी की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मंगलवार से विशेष अभियान शुरू होगा, जिसमें अवैध रूप से रखा गया सामान भी जब्त किया जाएगा।

नगरपालिका सपोटरा के अधिशासी अभियंता दीपक चौहान के नेतृत्व में टीम ने मुख्य बाजार, बस स्टैंड मार्ग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मुनादी कर दुकानदारों, ठेला संचालकों और अन्य अतिक्रमणकारियों को तत्काल प्रभाव से कब्जे हटाने के निर्देश दिए। टीम ने दुकानों के बाहर लगे टीन-शेड, डिस्प्ले स्टैंड, वाहन पार्किंग और ठेलों को हटाने के आदेश जारी किए। साथ ही प्लास्टिक थैलियों के उपयोग पर सख्त रोक लगाने की चेतावनी भी दी गई। इस दौरान कनिष्ठ अभियंता गुरदीप सिंह कश्यप और सहायक प्रशासनिक अधिकारी ओमप्रकाश आर्य सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

यह कार्रवाई विधायक हंसराज मीणा द्वारा चार दिन पहले जिला कलेक्टर को दी गई जानकारी के आधार पर की जा रही है। विधायक ने बताया कि शहर और विधानसभा क्षेत्र की सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है और यातायात प्रभावित हो रहा है।

इस पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने उपखंड अधिकारी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता और नगरपालिका के अधिकारियों को संयुक्त टीम बनाने का निर्देश दिया था। इस टीम को सभी प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर सात दिन में तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करनी थी।

नगरपालिका ने जनता से अपील की है कि वे सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करें, ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और कार्रवाई कड़ी तरीके से लागू की जाएगी।

इस अभियान के जरिए सपोटरा शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

Rajendra Kumbhakar, Karauli

Rajendra Kumbhakar, Karauli

नाम: राजेन्द्र प्रसाद कुम्भाकर

वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा

परिचय 

राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:

  • टीएनआई आवाज
  • समाचार प्लस
  • न्यूज भारत
  • दैनिक भास्कर डिजिटल
  • पब्लिक एप
  • शुरू एप
  • करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
  • राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story