नई दिल्ली/लखनऊ। भारत स्काउट व गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी का भव्य आयोजन 23 से 29 नवंबर 2025 तक अटल स्टेडियम, लखनऊ में संपन्न हुआ। इस राष्ट्रीय आयोजन में भारत के विभिन्न राज्यों से 35,000 से अधिक स्काउट्स और गाइड्स ने भाग लिया, वहीं राजस्थान प्रदेश से 1703 प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय दिया।

जंबूरी में कैंप क्राफ्ट, बी.पी. सिक्स, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, फूड प्लाजा, प्रदर्शनी, रंगोली, लोक नृत्य, मार्च पास्ट, कलर पार्टी, फैशन शो, स्किलोरामा, अनुमान लगाना, टेंट पिचिंग, फर्स्ट एड, कैंप फायर समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन सभी प्रतियोगिताओं में राजस्थान प्रदेश ने अद्वितीय प्रदर्शन करते हुए विंग वार स्काउट विभाग में प्रथम स्थान, गाइड विभाग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। ओवरऑल दोनों विंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राजस्थान ने राष्ट्रीय स्तर पर सी.एन.सी फ्लैग और शील्ड पर कब्जा जमाया, साथ ही सभी प्रतियोगिताओं में ए ग्रेड का गौरव प्राप्त किया।

इस भव्य आयोजन का उद्घाटन उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, चीफ नेशनल कमिश्नर के खंडेलवाल, भारत स्काउट गाइड के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जैन और वर्ल्ड ब्यूरो के अधिकारियों द्वारा किया गया। समापन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मिजोरम के मुख्यमंत्री सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की। राष्ट्रीय जंबूरी में भारत के अलावा नेपाल, भूटान, सऊदी अरब, मलेशिया और बांग्लादेश के स्काउट्स व गाइड्स ने भी सहभागिता की।

पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर प्रदेश स्काउट गाइड के प्रादेशिक अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र सिंह और प्रादेशिक कमिश्नर प्रभात कुमार ने राजस्थान राज्य सचिव डॉ. पी.सी. जैन, राज्य संगठन आयुक्त पूरन सिंह शेखावत, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त बन्नालाल और राज्य संगठन गाइड सुयश लोढ़ा को सम्मानित किया।

करौली जिले से स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, टोडाभीम, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिंघनिया और नि:शब्द मूक बधिर विद्यालय एकट बोधग्राम के स्काउट गाइड समूहों ने प्रधानाचार्य भय सिंह मीणा, श्याम बिहारी मीणा, भावना शर्मा और कोमल चारण के नेतृत्व में भाग लिया। इस 20 सदस्यीय दल ने राजस्थान को प्रथम स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राजस्थान के प्रथम स्थान पर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उत्साह व्यक्त किया। जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोपाल प्रसाद मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा इंद्रेश तिवारी, प्रारंभिक शिक्षा पुष्पेंद्र कुमार शर्मा, अतिरिक्त जिला परियोजना अधिकारी सर्वेश कुमार गुप्ता तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान करौली के प्रधानाचार्य महेश बाबू गुप्ता ने करौली जिले के स्काउट गाइड समूह को बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की।

इस शानदार उपलब्धि से राजस्थान स्काउट गाइड की राष्ट्रीय पहचान और सम्मान को और सशक्त आधार मिला है, और इसने पूरे प्रदेश के युवा प्रतिभाओं में आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार किया है।

Rajendra Kumbhakar, Karauli

Rajendra Kumbhakar, Karauli

नाम: राजेन्द्र प्रसाद कुम्भाकर

वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा

परिचय 

राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:

  • टीएनआई आवाज
  • समाचार प्लस
  • न्यूज भारत
  • दैनिक भास्कर डिजिटल
  • पब्लिक एप
  • शुरू एप
  • करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
  • राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story