हिण्डौन सिटी के नईमंडी थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देश पर की गई विशेष कार्रवाई में नईमंडी पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर फरार चल रहे आरोपी को बनकी रोड से पकड़कर चोरी के मामले का अहम सुराग हाथ लगा लिया।

थानाधिकारी नरेश पोसवाल ने बताया कि रविवार, 7 दिसंबर की शाम करीब 5 बजे गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 25 वर्षीय अनिल पुत्र शिब्बो जाटव, निवासी तांतिया नंगला थाना सदर बयाना, हाल निवासी मिल्कीपुरा थाना सूरौठ जिला करौली, को गिरफ्तार किया। आरोपी थाना हाजा के प्रकरण संख्या 443/2025, धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस में वांछित चल रहा था। हैड कांस्टेबल जोगेंद्र सिंह, कांस्टेबल संतोष कुमार और गजराज ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को बनकी रोड से दस्तयाब किया और बाद में साक्ष्यों के आधार पर उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

यह मामला 29 सितंबर को दर्ज की गई एक चोरी की रिपोर्ट से संबंधित है। परिवादी रवि कुमार, निवासी नया गांव खुर्द, भरतपुर, हाल साधना कॉलोनी हिण्डौन सिटी, ने थाने में शिकायत दी थी कि 28 सितंबर की रात लगभग 2 बजे उनके घर में अज्ञात चोर घुस आए और एलजी कंपनी की एलईडी टीवी, कुछ कपड़े और आठ हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर प्रकरण संख्या 443/2025 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

अनुसंधान के दौरान पुलिस को आरोपी अनिल जाटव की संलिप्तता के प्रमाण प्राप्त हुए, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब पूरे चोरी गिरोह और संभावित अन्य मामलों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story