MY Bharat Budget Quest 2026: करौली के कॉलेजों में युवाओं का पंजीकरण शुरू
मेरा युवा भारत पहल के तहत हिण्डौन सिटी के विभिन्न महाविद्यालयों में संवादात्मक सत्र आयोजित कर 300 से अधिक छात्र-छात्राओं का बजट क्व्वेस्ट के लिए पंजीकरण किया गया।

करौली जिले के हिण्डौन सिटी स्थित राजकीय महाविद्यालय में 'MY Bharat Budget Quest 2026' के दौरान छात्र-छात्राओं को बजट प्रक्रिया की जानकारी देते जिला युवा अधिकारी शरद त्रिपाठी और अन्य अतिथि।
करौली 04 फरवरी। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा युवाओं की बजट संबंधी समझ बढ़ाने एवं उनके विचारों को मंच प्रदान करने हेतु ‘MY Bharat Budget Quest 2026’ कार्यक्रम का शुभारंभ 3 फरवरी 2026 से किया गया है।
विभिन्न महाविद्यालयों में संवादात्मक सत्र एवं पंजीकरण
इस क्रम में आज करौली जिले के हिण्डौन सिटी ब्लॉक के विभिन्न महाविद्यालयों में युवाओं के साथ संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए:
- राजकीय महाविद्यालय हिण्डौन सिटी
- निर्मल नर्सिंग कॉलेज हिण्डौन सिटी
- श्रीमती इंदिरा प्रियदर्शनी महिला महाविद्यालय, हिण्डौन सिटी
टीम द्वारा छात्र-छात्राओं से प्रत्यक्ष संवाद किया गया एवं ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण कराए गए। 300 से अधिक पंजीकरण हुए, जिसमें प्रत्येक महाविद्यालय में 100 से अधिक युवाओं का पंजीकरण किया गया। युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बजट से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी राय साझा की।
विकसित भारत बजट की अवधारणा और मुख्य वक्तव्य
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को विकसित भारत बजट की अवधारणा से अवगत कराया गया तथा उनसे सुझाव और विचार साझा करने का आह्वान किया गया।
“Budget Quest 2026 युवाओं को देश की आर्थिक नीतियों और बजट प्रक्रिया से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। इस पहल के माध्यम से युवा न केवल बजट को समझेंगे, बल्कि अपने सुझावों के जरिए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे। साथ ही इस प्रतियोगिता में चयनित विजेता प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री से सीधे संवाद एवं मिलने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।” — शरद त्रिपाठी, जिला युवा अधिकारी
“आज का युवा देश के भविष्य की दिशा तय करने की क्षमता रखता है। Budget Quest 2026 जैसे कार्यक्रम युवाओं को नीति, बजट और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सराहनीय प्रयास हैं। ऐसे मंच युवाओं की सोच को देश की विकास यात्रा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” — योगेन्द्र डागुर, विभाग संयोजक, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद
सहयोग एवं विशेष सम्मान
- महत्वपूर्ण सहयोग: योगेन्द्र डागुर (विभाग संयोजक, ABVP) एवं रईस अहमद।
- विशेष प्रस्तुति: नेहरू कॉलेज की छात्रा मनीषा कुमारी ने गीत गाया और त्रिपाठी जी द्वारा उन्हें पैन भेंट कर सम्मानित किया।
लक्ष्य और आगामी योजना
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सहभागी बनाना, उनकी सोच को नीति निर्माण से जोड़ना तथा “सुनहरे भारत की राह विकसित भारत बजट के साथ” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।
‘Budget Quest 2026’ के अंतर्गत पंजीकरण की अंतिम तिथि 17 फरवरी 2026 निर्धारित है। मेरा युवा भारत आने वाले दिनों में जिले के अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी इस अभियान को आगे बढ़ाएगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
