करौली जिला परिषद की साधारण सभा: विकास कार्यों और जन समस्याओं के निस्तारण पर चर्चा
जिला प्रमुख शिमला बैरवा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बिजली, पानी, शिक्षा और सड़क सहित विभिन्न विभागों की गतिविधियों की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

करौली जिला परिषद सभागार में आयोजित साधारण सभा की बैठक में मंच पर (बाएं से दाएं) सीईओ लखन सिंह, जिला प्रमुख शिमला बैरवा, कलेक्टर अक्षय गोदारा और विधायक दर्शन सिंह गुर्जर उपस्थित रहे।
Karauli जिले की जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक बुधवार को जिला प्रमुख शिमला बैरवा की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक में गत कार्यवाही विवरण के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें विद्युत व्यवस्था, सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति, स्वास्थ्य सेवाएं एवं मौसमी बीमारियां, शिक्षा, विभिन्न अभियान एवं कार्यक्रम, नीतियां तथा उनके क्रियान्वयन सहित पंचायती राज, कृषि एवं पशुपालन, समाज कल्याण, श्रम, महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई।
साधारण सभा में जनप्रतिनिधियों द्वारा बिजली, पानी, चिकित्सा, सड़क, शिक्षा, कृषि सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी आमजन समस्याएं प्रमुखता से रखी गईं। इस पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
बैठक में शिक्षा विभाग को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के माध्यम से शिक्षा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। रसद विभाग को पात्र लाभार्थियों को समय पर बिना किसी अनियमितता के राशन उपलब्ध कराने को कहा गया। विद्युत विभाग को गर्मी के मौसम में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा पीएचईडी को अंतिम छोर तक पेयजल आपूर्ति एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत नलकूपों की स्थिति की जानकारी लेकर निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही चंबल परियोजना से जुड़े विकास कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करने पर बल दिया गया।
करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने चिकित्सा, रसद, पेयजल एवं विकास कार्यों को समयबद्ध पूर्ण करने तथा पिछली बैठक के निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ को दो निजी चिकित्सालयों की जांच कर अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने राजकीय चिकित्सालय नादौती में खड़ी एंबुलेंस को संचालित कर आवश्यकतानुसार 108 सेवा में परिवर्तित कर जनहित में उपयोग सुनिश्चित करने को भी कहा।
सपोटरा विधायक हंसराज मीना ने महिला एवं बाल विकास विभाग में भर्तियों के अंतर्गत सफल अभ्यर्थियों की समय पर नियुक्ति की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने स्कूल मरम्मत एवं कक्ष निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने तथा डांग विकास फंड की निर्धारित राशि का उपयोग कर जर्जर विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण एवं गिराए जाने योग्य भवनों को शीघ्र ध्वस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग से संबंधित कार्यों हेतु आवश्यकतानुसार प्रस्ताव भेजकर एमएलए फंड के उपयोग पर भी बल दिया।
बैठक में वीबीरामजी वार्षिक प्लान 2026-27 का भी अनुमोदन किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर अक्षय गोदारा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर हेमराज परिड़वाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी लखन सिंह, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक धर्मसिंह मीना, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक धर्मेन्द मीना, पीएचईडी अधीक्षण अभियंता प्रकाश चंद मीणा, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता रूपसिंह गुर्जर सहित अन्य अधिकारी, साधारण सभा के गणमान्य सदस्य एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न विभागों की समीक्षा एवं निर्णयों के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई, जिससे प्रशासनिक कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई गई।

Rajendra Kumbhakar, Karauli
वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा
परिचय
राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:
- टीएनआई आवाज
- समाचार प्लस
- न्यूज भारत
- दैनिक भास्कर डिजिटल
- पब्लिक एप
- शुरू एप
- करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
- राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
