करौली: कैलादेवी लक्खी मेले में एसपी लोकेश सोनवाल ने घोड़े पर गश्त कर सुरक्षा जांची
करौली पुलिस अधीक्षक ने 1300 जवानों की तैनाती के बीच खुद घुड़सवारी कर कानून व्यवस्था का निरीक्षण किया और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।

करौली। सुप्रसिद्ध आस्थाधाम शक्तिपीठ राजराजेश्वरी कैलादेवी के चैत्र माह के लक्खी मेले में उमड़ने वाले जनसैलाब की सुरक्षा को लेकर करौली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश (आगरा), उत्तराखंड (देहरादून), दिल्ली, हरियाणा और मध्य प्रदेश जैसे विभिन्न राज्यों से पैदल एवं वाहनों के माध्यम से माता के दर्शनार्थ पहुंच रहे लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल स्वयं मैदान में उतरे हैं। एसपी लोकेश सोनवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुमनाराम चौधरी ने मेले की कमान संभालते हुए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त रुख अख्तियार किया है, जिससे आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक के कुशल नेतृत्व में 60 से अधिक पुलिस अधिकारियों और 1300 से अधिक पुलिस जवानों की भारी तैनाती की गई है। इसी क्रम में, बुधवार को कानून एवं शांति व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण करने के लिए पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुमनाराम चौधरी ने अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ घोड़े पर सवार होकर मेला क्षेत्र में गश्त की। घुड़सवारी करते हुए पुलिस कप्तान द्वारा सुरक्षा व्यवस्था का इस तरह जायजा लेना जिले में चर्चा का विषय बना रहा। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश भी दिए। पहली बार पुलिस कप्तान को स्वयं इस सक्रियता के साथ पैनी नजर रखते देख श्रद्धालुओं में सुरक्षा का भाव जगा है, जिसके चलते भक्त हर्षोल्लास और आनंद के साथ माता के दर्शन कर रहे हैं।

Rajendra Kumbhakar, Karauli
वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा
परिचय
राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:
- टीएनआई आवाज
- समाचार प्लस
- न्यूज भारत
- दैनिक भास्कर डिजिटल
- पब्लिक एप
- शुरू एप
- करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
- राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
