करौली: आमरेकी गाँव में श्रीमद्भागवत कथा के दौरान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव आयोजित
आचार्य पंडित गौरवकृष्ण शास्त्री द्वारा प्रहलाद चरित्र एवं वामन अवतार प्रसंग के वर्णन के बाद सजीव झांकी के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया।

करौली। जिले के कैलादेवी कस्बे के समीपवर्ती आमरेकी गाँव में आयोजित हो रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान सोमवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भीषण गर्मी की परवाह किए बिना कथा स्थल पर हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जो करौली से पधारे आचार्य पंडित गौरवकृष्ण शास्त्री के मुखारविंद से प्रवाहित हो रही कथा अमृत का रसास्वादन करने पहुँची। संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के इस विशेष अवसर पर बाल रूप श्रीकृष्ण की अत्यंत मनमोहक सजीव झांकी सजाई गई, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
आयोजन समिति के राजाराम गुर्जर एवं श्रीपत गोठिया ने बताया कि कथा वाचक पंडित गौरवकृष्ण शास्त्री ने प्रहलाद चरित्र और वामन अवतार के प्रसंगों का सारगर्भित वर्णन करने के पश्चात श्रीकृष्ण जन्म का आध्यात्मिक महत्व प्रतिपादित किया। शास्त्री जी ने भगवान कृष्ण द्वारा की गई विभिन्न लीलाओं के प्रसंग सुनाकर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। इस दौरान संगीतवादक फुर्तीलाल, हेतराज और अजय प्रजापति एंड संस द्वारा प्रस्तुत किए गए श्री राम एवं श्री कृष्ण के भजनों ने वातावरण को भक्तिमय कर दिया। भजनों की मधुर धुनों पर महिला और पुरुष श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर झूम उठे और जमकर नृत्य किया।
कथा के विश्राम से पूर्व सह आचार्य श्रीओम द्वारा शास्त्रोक्त मंत्रोच्चारण के साथ पूजन संपन्न कराया गया। इसके पश्चात भागवत पोथी की सामूहिक महाआरती की गई, जिससे संपूर्ण क्षेत्र का वातावरण धार्मिक जयकारों से गुंजायमान हो गया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में समस्त ग्रामवासियों का पूर्ण सहयोग रहा, जिससे आमरेकी गाँव भक्ति के अनूठे रंग में सराबोर नजर आया।

Rajendra Kumbhakar, Karauli
वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा
परिचय
राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:
- टीएनआई आवाज
- समाचार प्लस
- न्यूज भारत
- दैनिक भास्कर डिजिटल
- पब्लिक एप
- शुरू एप
- करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
- राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
