करौली। राजस्थान में युवाओं को नशे के चंगुल से मुक्त करने और संगठित अपराध की कमर तोड़ने के लिए पुलिस महानिदेशक राजस्थान जयपुर के आह्वान पर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत करौली पुलिस ने एक बड़ी और निर्णायक कार्यवाही को अंजाम दिया है। भरतपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक कैलाश चन्द्र विश्नोई एवं करौली जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के सख्त निर्देशन में मादक पदार्थ माफियाओं, हार्डकोर अपराधियों और सीमावर्ती राज्यों के गिरोहों के विरुद्ध जारी इस धरपकड़ अभियान ने सोमवार को उस वक्त बड़ी सफलता हासिल की, जब जिला डिस्पोजल कमेटी (DDC) ने करोड़ों रुपये की काली कमाई के जरिए जुटाए गए नशे के जखीरे को पुलिस लाइन में आग के हवाले कर दिया। जिला स्तर पर इस पूरे अभियान का प्रभावी सुपरविजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करौली गुमनाराम एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिण्डौन सत्येन्द्र पाल सिंह द्वारा किया गया।



इस महाविनाश की कार्यवाही का नेतृत्व स्वयं जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने किया, जहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुमनाराम और अपराध सहायक पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार मीना सहित डीडीसी कमेटी के सदस्यों की मौजूदगी में कुल 2.05 करोड़ रुपये की अनुमानित कीमत के अवैध मादक पदार्थों का विधिवत निस्तारण किया गया। पुलिस लाइन करौली में आयोजित इस प्रक्रिया के दौरान कुल 26 विभिन्न प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को नियमानुसार जलाकर नष्ट किया गया। इस जखीरे में घातक स्मैक, गांजा, डोडापोस्त और अफीम के हरे पौधे शामिल थे, जो समाज की रगों में जहर घोलने के लिए तैयार किए गए थे।

निस्तारण की गई खेप का विस्तृत विवरण देते हुए डीडीसी कमेटी ने बताया कि कुल 16 प्रकरणों से संबंधित 752 ग्राम 84 मिलीग्राम स्मैक नष्ट की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1,50,56,800 रुपये आंकी गई है। इसी प्रकार 7 प्रकरणों में जब्त 55 किलोग्राम 751 ग्राम 8 मिलीग्राम गांजा, जिसकी कीमत 27,87,550 रुपये है, और 2 प्रकरणों में 8 किलो 412 ग्राम डोडापोस्त (कीमत 1,26,180 रुपये) को आग के हवाले किया गया। इसके अतिरिक्त, एक अन्य प्रकरण में जब्त किए गए 43 किलो 200 ग्राम अफीम के हरे पौधों को भी नष्ट किया गया, जिनकी बाजार में कीमत लगभग 25,00,000 रुपये है। इस प्रकार कुल 2,04,70,530 रुपये की अवैध संपत्ति को पूरी तरह खाक कर दिया गया। करौली पुलिस ने इस कार्यवाही के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों और तस्करी के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) की नीति जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे समाज को नशामुक्त बनाने के इस महायज्ञ में सहभागी बनें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Rajendra Kumbhakar, Karauli

Rajendra Kumbhakar, Karauli

नाम: राजेन्द्र प्रसाद कुम्भाकर

वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा

परिचय 

राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:

  • टीएनआई आवाज
  • समाचार प्लस
  • न्यूज भारत
  • दैनिक भास्कर डिजिटल
  • पब्लिक एप
  • शुरू एप
  • करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
  • राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story