करौली: धंधावली चोरी मामले का खुलासा, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
घर वालों को नशीला पदार्थ पिलाकर कार और मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड पीड़ित का पूर्व कर्मचारी निकला।

हिण्डौन सिटी में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान चोरी की वारदात का खुलासा करते पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल और अन्य पुलिस अधिकारी।
जिले के हिण्डौन उपखंड स्थित सूरौठ थाना क्षेत्र के धंधावली गांव में हुई चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की गई कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई का विस्तृत खुलासा शुक्रवार को करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने हिण्डौन सिटी एडीशनल एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मथुरा जिले के जघावली निवासी जलीश, नसीम और इमरान उर्फ इरफान के रूप में हुई है। इस पूरे मामले के खुलासे में प्रशिक्षु आरपीएस श्रेष्ठ दीक्षित, सूरौठ थानाधिकारी कालीचरण, डीएसटी प्रभारी रामकुमार तथा एएसआई रामभरोसे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटना के संबंध में शिकायत 5 मई को धंधावली गांव निवासी विश्वेन्द्र जौनवाल ने दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया था कि उनके घर से नई कार और मोबाइल फोन चोरी हो गए हैं। जांच के दौरान सामने आया कि इस वारदात का मास्टरमाइंड पीड़ित की फर्नीचर दुकान पर कार्यरत मिस्त्री इमरान उर्फ इरफान था, जो लंबे समय से परिवार के संपर्क में था और घर की दिनचर्या के साथ-साथ मोबाइल के पासवर्ड तक की जानकारी रखता था।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि इमरान ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची। आरोपियों ने घर के सदस्यों को कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाई, जिससे परिवार बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी घर से मोबाइल फोन और कार लेकर फरार हो गए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सीसीटीवी मैपिंग और रूट एनालिसिस का सहारा लिया। लगभग 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके बाद संदिग्धों की पहचान सुनिश्चित हुई। इसके पश्चात पुलिस ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नसीम ने चोरी की गई कार को हरियाणा के रिगड़ निवासी अरवाज को एक लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उक्त कार को हरियाणा से बरामद कर लिया है। इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल वारदात का पर्दाफाश किया, बल्कि पुलिस की तकनीकी जांच क्षमता और सतर्कता को भी उजागर किया है।

Rajendra Kumbhakar, Karauli
वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा
परिचय
राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:
- टीएनआई आवाज
- समाचार प्लस
- न्यूज भारत
- दैनिक भास्कर डिजिटल
- पब्लिक एप
- शुरू एप
- करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
- राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
