करौली, 11 नवम्बर।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत मतदाता सूची अद्यतन का कार्य तेजी से जारी है। इस क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी नीलाभ सक्सेना ने मंगलवार को विधान सभा क्षेत्र करौली के बूथ नंबर 138 का निरीक्षण कर बूथ लेवल अधिकारी द्वारा किए जा रहे एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि मतदाताओं को परिगणना प्रपत्र वितरित करते समय उनसे पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो एकत्रित करें और वर्ष 2002 की मतदाता सूची के अनुरूप प्रपत्रों को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार स्पष्ट व सही ढंग से भरवाकर उनके हस्ताक्षर करवाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रविष्टि सटीक और पठनीय हो, ताकि किसी भी स्तर पर त्रुटि की संभावना न रहे।

श्री सक्सेना ने बताया कि इस प्रक्रिया का प्रमुख उद्देश्य जिले के सभी मतदाताओं की वर्तमान जानकारी को वर्ष 2002 में तैयार हुई एसआईआर मतदाता सूची के साथ जोड़ना है। जिन मतदाताओं की मैपिंग बीएलओ द्वारा पूरी कर दी जाएगी, उन्हें आगे किसी भी चरण में दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गणना चरण के दौरान भी किसी मतदाता से किसी प्रकार के दस्तावेज नहीं मांगे जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ के आगमन पर आवश्यक जानकारी और दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि निर्वाचन कार्य सुचारू रूप से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाएगी, बल्कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता को और मजबूत करेगी। साथ ही, यह प्रत्येक नागरिक को लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी प्रदान करेगी।

निरीक्षण के दौरान ईआरओ प्रेमराज मीना सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story