करौली जिले के टोडाभीम उपखंड अंतर्गत बालघाट तहसील के राजस्व गांव नांगल शेरपुर में सार्वजनिक बालाजी तलाई पर अतिक्रमण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गांव के खसरा नंबर 1488 और 1490 पर स्थित इस प्राचीन जल स्रोत में बरसात के पानी की आवक का प्राकृतिक मार्ग दबंगों द्वारा अवरुद्ध किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, दबंगों ने मिट्टी डालकर तलाई के पेट में अतिक्रमण कर लिया है और पानी निकासी के लिए बनी पुलिया को बंद कर दिया है। इस स्थिति के चलते अभी से मुख्य सड़क के पास जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे आगामी मानसून के दौरान गांव के करीब 500 घरों के डूबने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।

सामाजिक कार्यकर्ता हरि ठेकेदार, गजराज भारती, धर्म सिंह फौजी और राम खिलाड़ी मास्टर ने इस प्राचीन जल स्रोत के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि यह तलाई न केवल भू-जल स्तर को रिचार्ज करने का प्रमुख साधन है, बल्कि गांव की आधी से अधिक आबादी और बेजुबान पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने का एकमात्र प्राकृतिक जरिया भी है। ग्रामीणों ने यह भी याद दिलाया कि पिछले वर्ष भी इसी तरह पुलिया बंद किए जाने से गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे, जिसके बाद संभागीय आयुक्त के सख्त निर्देश पर प्रशासन को हस्तक्षेप कर पानी की निकासी करवानी पड़ी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि इस बार भी समय रहते प्रशासनिक सुध न लेने से स्थिति भयावह हो सकती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जब इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी रामबाबू सिंह से बात की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें सार्वजनिक तलाई के मार्ग को अवरुद्ध किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन इस समस्या के प्रति सजग है और पुलिस के सहयोग से बंद की गई पुलिया को जल्द खुलवाया जाएगा ताकि मानसून सीजन में ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की आपदा या परेशानी का सामना न करना पड़े। स्थानीय लोगों की अब प्रशासन से यही अपेक्षा है कि वे केवल आश्वासन ही न दें, बल्कि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर प्राचीन जल स्रोत और गांव को सुरक्षित करें।

Rajendra Kumbhakar, Karauli

Rajendra Kumbhakar, Karauli

नाम: राजेन्द्र प्रसाद कुम्भाकर

वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा

परिचय 

राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:

  • टीएनआई आवाज
  • समाचार प्लस
  • न्यूज भारत
  • दैनिक भास्कर डिजिटल
  • पब्लिक एप
  • शुरू एप
  • करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
  • राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story