करौली: नाबालिग के अपहरण और मारपीट मामले में मुख्य आरोपी सहित दो गिरफ्तार
दुकान से पैसे चोरी करने का दबाव बनाने के बाद किया था अपहरण, जंगल में ले जाकर पीटा और वीडियो किया था सोशल मीडिया पर वायरल।

तस्वीर में करौली जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल पुलिस कार्यालय के प्रेस वार्ता कक्ष में बैठे हुए मीडिया को संबोधित कर रहे हैं, उनके साथ अन्य पुलिस अधिकारी और पीछे पुलिसकर्मी खड़े हैं।
सोशल मीडिया पर नाबालिग किशोर के अपहरण और बेरहमी से मारपीट का वीडियो वायरल होने के सनसनीखेज मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज होने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया था। पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त कर ली है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी एक नाबालिग किशोर, जो एक दुकान पर मजदूरी करता था, पर दुकान से पैसे चोरी करने का दबाव बनाया गया। इसके बाद आरोपियों ने शाम के समय किशोर का जबरन अपहरण कर उसे कार में बैठाया, जंगल में ले जाकर उसके साथ मारपीट की और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामले की जांच के लिए गठित टीमों में डीएसपी अनुज शुभम, कोतवाली थाना प्रभारी नोबेल सैनी, सदर थाना प्रभारी यदुवीर सिंह तथा मासलपुर थाना हेड कांस्टेबल परमजीत के नेतृत्व में लगातार विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने करौली, हिंडौन, बयाना, सूरौठ, महवा, मासलपुर, भरतपुर सहित आरोपियों के संभावित ठिकानों और निवास स्थानों पर कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्रित कीं।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी 21 वर्षीय अभिषेक गुर्जर पुत्र वेद प्रकाश गुर्जर निवासी सुंदरपुरा गुडला तथा 24 वर्षीय सौरभ गुर्जर पुत्र गुर्जर निवासी बदनपुर थाना सदर हिंडौन सिटी जासोरा थाना गढ़ी बाजना, भरतपुर से नादनपुर जिला धौलपुर के जंगलों की ओर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने करीब 12 किलोमीटर तक पीछा कर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने जंगल की ओर भागने का प्रयास किया, जिससे उन्हें मामूली चोटें और खरोंच आईं। कार्रवाई के दौरान पुलिस स्टाफ को भी हल्की चोटें आईं। इस पूरे अभियान में करौली डीएसपी अनुज शुभम, सदर थाना प्रभारी यदुवीर सिंह तथा मासलपुर थाना हेड कांस्टेबल परमजीत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार जब्त कर ली है। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस सनसनीखेज प्रकरण में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ जांच को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

Rajendra Kumbhakar, Karauli
वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा
परिचय
राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:
- टीएनआई आवाज
- समाचार प्लस
- न्यूज भारत
- दैनिक भास्कर डिजिटल
- पब्लिक एप
- शुरू एप
- करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
- राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
