करौली: कुड़गांव पुलिस का बड़ा प्रहार, हिस्ट्रीशीटरों और अपराधियों सहित एक दर्जन से अधिक आरोपी गिरफ्तार
करौली जिले के कुड़गांव थाने में 'एरिया डोमिनेशन' अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई हुई है। थानाधिकारी मंजू फौजदार के नेतृत्व में पुलिस ने दो हिस्ट्रीशीटरों, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के आरोपियों सहित कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। बाइक स्टंट कर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले युवक पर भी पुलिस का डंडा चला है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

कुड़गांव (करौली)। राजस्थान में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत करौली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। भरतपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक कैलाश चंद्र विश्नोई द्वारा अपराधियों की धरपकड़ के लिए शुरू किए गए 'एरिया डोमिनेशन' अभियान के अंतर्गत कुड़गांव थाना पुलिस ने शिकंजा कसते हुए एक साथ 13 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के कुशल निर्देशन में थानाधिकारी मंजू फौजदार की टीम ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया, जिससे समूचे क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।
सोमवार शाम को थानाधिकारी मंजू फौजदार के नेतृत्व में गठित पुलिस की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग संदिग्ध ठिकानों पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। इस कार्रवाई का मुख्य केंद्र वे अपराधी थे जो लंबे समय से पुलिस की रडार पर थे या गंभीर अधिनियमों के तहत वांछित थे। पुलिस ने कुड़गांव क्षेत्र के सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों के साथ-साथ आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत पूर्व में चालानशुदा अपराधियों को धारा 170 बीएनएसएस (BNSS) 2023 के अंतर्गत गिरफ्तार किया।
पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई में डफलपुर निवासी 23 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर ओमप्रकाश उर्फ ओमी माली पुत्र रामकिशन माली और 50 वर्षीय धनतूरिया माली पुत्र रामकिशन माली को दबोचा गया। आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दहमोली निवासी 35 वर्षीय धनसिंह जाटव, हाथीपुरा निवासी 75 वर्षीय बाबूलाल जाटव, भायपुर निवासी 55 वर्षीय रामराज बैरवा, रघुवंशी निवासी 35 वर्षीय विजय सिंह बैरवा, मकनपुर निवासी 43 वर्षीय पुखराज बैरवा, कुड़गांव निवासी 31 वर्षीय बनीसिंह माली, थूमा निवासी 32 वर्षीय रामेश्वर मीणा, कुडावदा निवासी 26 वर्षीय चेतराम मीणा और लेदिया निवासी 55 वर्षीय बाबूलाल मीणा को गिरफ्तार किया।
इसके अतिरिक्त, अवैध हथियारों के विरुद्ध सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने कॉचरौदा निवासी 21 वर्षीय दिलीप हरिजन को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया। वहीं, आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया पर निगरानी के दौरान पुलिस ने बाइक पर खतरनाक स्टंट कर वीडियो अपलोड करने वाले भडक्या निवासी 18 वर्षीय मनकेश मीणा को भी धर दबोचा। पुलिस की यह कार्रवाई केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र में कानून का इकबाल बुलंद करने और आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करने की दिशा में एक सशक्त कदम है। थानाधिकारी मंजू फौजदार की इस मुस्तैदी ने स्पष्ट कर दिया है कि क्षेत्र में शांति भंग करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Rajendra Kumbhakar, Karauli
वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा
परिचय
राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:
- टीएनआई आवाज
- समाचार प्लस
- न्यूज भारत
- दैनिक भास्कर डिजिटल
- पब्लिक एप
- शुरू एप
- करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
- राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
