करौली: विधायक हंसराज मीणा ने किया 50 करोड़ की करणपुर घाटी का शिलान्यास
33 साल पुराने जर्जर मार्ग का 50 करोड़ की लागत से होगा कायाकल्प, 3 किमी लंबी आधुनिक सीसी रोड से कैलादेवी और गुमानो मंदिर की राह होगी आसान।

करणपुर में आयोजित समारोह के दौरान विधायक हंसराज मीणा और अन्य गणमान्य नागरिक 50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली आधुनिक घाटी के शिलान्यास कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
करौली / करणपुर: करणपुर घाटी का निर्माण कार्य करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। यह परियोजना क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि लंबे समय से क्षेत्र के लोग इसके पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे। समय के साथ घाटी जर्जर हो चुकी थी और आवागमन में भी कई तरह की परेशानियां सामने आ रही थीं। करौली जिले के सपोटरा विधायक हंसराज मीणा के लगातार प्रयासों और जनहित की मांग को देखते हुए राज्य सरकार ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी दी। वर्तमान में भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राजस्थान सरकार ने करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से करणपुर घाटी के पुनर्निर्माण का निर्णय लिया है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में सड़क संपर्क मजबूत होगा और आसपास के गांवों के लोगों को आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी।
विधायक हंसराज मीणा ने किया शिलान्यास
करणपुर क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली करणपुर की घाटी अब आधुनिक स्वरूप में नजर आएगी। तत्कालीन सपोटरा विधायक रंगजी मीणा के कार्यकाल में बनी करीब 33 साल के लंबे इंतजार के बाद 15 मार्च, रविवार को सपोटरा विधायक हंसराज मीणा ने 50 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस आधुनिक घाटी का (पुनरुद्धार) विधिवत रूप से शिलान्यास किया। कार्यक्रम का आयोजन रेंज की चौकी करणपुर में किया गया, जहां क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए। विधायक का ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन से फूलों से वर्षा कर जुलूस निकाला और विधायक का 40 मीटर साफा व 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि "घाटी का निर्माण केवल सड़क बनाना नहीं, बल्कि आर्थिक विकास का द्वार खोलना है। यह घाटी पर्यटन और आवागमन के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इसके निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।" इस घाटी का निर्माण 1992 में तत्कालीन विधायक स्व. रंगजी बाबा ने महज 56 लाख रुपए की लागत से कराया था। समय के साथ यह जर्जर हो चुकी थी, लेकिन अब यह घाटी क्षेत्र के विकास की नई पहचान बनेगी।
गणमान्य जन और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति
इस मौके पर पीडब्ल्यूडी के समय सिंह मीना, वरिष्ठ बीसीएमओ मंडरायल महेश कुमार मीना, ठेकेदार सरदार बंजारा, करणपुर थानाधिकारी देवेश कुमार जाटव, फॉरेस्टर संजय मीना, जोहरीलाल मीना, प्रताप पाकड़, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामनिवास मीना, कमल मीना सिमारा, हेमराज मीना टोडा, रामलखन मीना, सुरेश मीना, भरतलाल शर्मा निभेरा, लालाराम मीना, घनश्याम गौड़, केशव मीना चौरघान, राधे भगत करणपुर, सत्रुधन सिंह, बाबूलाल कसेड, हरविलास अरौरा, भैरोलाल पहाड़ियां सहित सैंकड़ों ग्रामीण व कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
14 खतरनाक मोड़ों का सफर होगा सुरक्षित
3 किलोमीटर लंबी इस घाटी में मौजूद 14 घुमावदार मोड़ फिलहाल हादसों को न्यौता देते हैं, लेकिन सड़क की चौड़ाई बढ़ने से अब दो वाहन एक साथ आसानी से गुजर सकेंगे। पीडब्ल्यूडी ने निर्माण का जिम्मा सरदार सिंह फर्म को दिया है। खास बात यह है कि एजेंसी पर 10 साल की मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भी रहेगी। इस घाटी के निर्माण से चुंबकीय शक्ति के लिए प्रसिद्ध गुमानो मंदिर और कैलादेवी माता मंदिर के दर्शन अब सुगम होंगे। साथ ही मध्य प्रदेश से कैलादेवी आने वाले श्रद्धालुओं को अब उबड़-खाबड़ रास्तों से निजात मिलेगी। करणपुर से कैलादेवी की दूरी महज 33 किमी रह जाएगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
आधुनिक तकनीक और नई घाटी की मुख्य विशेषताएं
घाटी के पुनर्निर्माण को आधुनिक तकनीक और सुरक्षा के लिहाज से डिजाइन किया गया है। वर्तमान में सड़क मात्र 10 फीट चौड़ी है, जिसे बढ़ाकर 30 फीट किया जाएगा। इसमें 7.5 मीटर मुख्य सीसी रोड और दोनों ओर 1-1 मीटर की इंटरलॉकिंग पट्टी होगी। अब यहां डामर की जगह सीमेंट कंक्रीट सीसी सड़क बनेगी, ताकि भारी वाहनों और बारिश से सड़क खराब न हो। पहाड़ों से गिरने वाली चट्टानों को रोकने के लिए 5 से 9 मीटर ऊंची सुरक्षा दीवारें बनाई जाएंगी। जल निकासी के लिए नालियों के साथ अंडरग्राउंड पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इस परियोजना की कुल लागत 50 करोड़ रुपये है, जिसमें पीडब्ल्यूडी का खर्च 41.88 करोड़ रुपये होगा। इसकी लंबाई 3 किलोमीटर है और इसमें 14 मोड़ यथावत रहेंगे, लेकिन उन्हें पहले से अधिक चौड़ा किया जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
