करौली: अवैध गैस रिफिलिंग अड्डे पर रसद विभाग की छापामार कार्रवाई, 18 सिलेंडर जब्त
रसद विभाग ने अरावली नगर में दबिश देकर रिफिलिंग उपकरण बरामद किए, आरोपी के खिलाफ करौली कोतवाली में मामला दर्ज।

करौली। जिला मुख्यालय पर अवैध गैस रिफिलिंग के विरुद्ध रसद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मौत के सौदागरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। रसद विभाग की टीम ने मासलपुर चुंगी स्थित अरावली नगर क्षेत्र में संचालित एक अवैध अड्डे पर औचक छापामार कार्यवाही करते हुए 18 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। विभाग की इस दबिश से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, हालांकि कार्रवाई के दौरान अवैध रिफिलिंगकर्ता चकमा देकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
जिला रसद अधिकारी हितेश मीणा के नेतृत्व में शुक्रवार को अंजाम दी गई इस कार्रवाई की पटकथा रसद विभाग को मिली एक गोपनीय सूचना के आधार पर लिखी गई थी। विभाग को पुख्ता जानकारी मिली थी कि शहर में एक ऑटो-टेंपो के माध्यम से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का काला खेल खेला जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए विभाग द्वारा गठित त्वरित टीम ने अरावली नगर स्थित ठिकाने पर छापा मारा। मौके से न केवल 18 घरेलू सिलेंडर बरामद हुए, बल्कि विभाग ने गैस रिफिल करने वाली मोटर, अन्य तकनीकी उपकरण और अवैध नापतोल के लिए प्रयुक्त कांटा भी जब्त किया है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन निरीक्षक पवन कुमार, हरविंदर शर्मा और ऋषिकेश मीणा सहित अन्य विभागीय कार्मिक मुस्तैदी से तैनात रहे। जिला रसद अधिकारी हितेश मीणा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अवैध रिफिलिंग न केवल वैधानिक नियमों का खुला उल्लंघन है, बल्कि यह रिहायशी इलाकों में एक गंभीर सुरक्षा खतरा भी पैदा करता है, जो किसी भी समय बड़े हादसे का सबब बन सकता है।
प्रशासनिक स्तर पर कड़ा रुख अपनाते हुए इस मामले में करौली कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ अवैध गैस रिफिलिंग का मुकदमा दर्ज कराया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश और जांच के प्रयास तेज कर दिए हैं। रसद अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा और जन सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त से सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Rajendra Kumbhakar, Karauli
वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा
परिचय
राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:
- टीएनआई आवाज
- समाचार प्लस
- न्यूज भारत
- दैनिक भास्कर डिजिटल
- पब्लिक एप
- शुरू एप
- करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
- राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
