करौली: गैस किल्लत पर भड़का आक्रोश, कैलादेवी मार्ग पर सिलेंडर रख लगाया जाम
इंडेन गैस की आपूर्ति ठप होने से नाराज उपभोक्ताओं ने सड़क पर सिलेंडर रखकर प्रदर्शन किया, मांचरी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया रास्ता।

करौली। जिला मुख्यालय पर गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत और आपूर्ति की अव्यवस्था ने अंततः जन आक्रोश का रूप ले लिया। शादी-समारोहों के सीजन के बीच सिलेंडरों की बढ़ती मांग और रसद विभाग के पर्याप्त आपूर्ति के दावों के विपरीत, उपभोक्ताओं को घंटों लंबी कतारों में जूझना पड़ रहा है। इसी अव्यवस्था से क्षुब्ध होकर गुरुवार को राजौर स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर आए ग्राहकों का धैर्य जवाब दे गया। ओटीपी प्रक्रिया की जटिलताओं और गैस न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने अपने खाली सिलेंडर सड़क के बीचों-बीच कतार में लगाकर कैलादेवी-करौली मार्ग को पूरी तरह बाधित कर दिया।
सड़क पर सिलेंडरों की लंबी कतार के कारण देखते ही देखते वाहनों की रेलमपेल मच गई और मार्ग पर भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई। जाम की सूचना मिलते ही मांचरी थानाधिकारी शैलेंद्र सिंह पुलिस जाप्ते के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। सड़क पर विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और उपभोक्ताओं को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद समझाइश कर शांत किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद सड़क से सिलेंडरों को हटवाया गया, तब जाकर कैलादेवी के श्रद्धालुओं और अन्य राहगीरों के लिए आवागमन सुचारू हो सका। रसद विभाग और एजेंसी की कार्यप्रणाली से नाराज लोगों के इस प्रदर्शन ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Rajendra Kumbhakar, Karauli
वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा
परिचय
राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:
- टीएनआई आवाज
- समाचार प्लस
- न्यूज भारत
- दैनिक भास्कर डिजिटल
- पब्लिक एप
- शुरू एप
- करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
- राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
