करौली: दहेज के लिए पत्नी का गला काटकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
करौली के मासलपुर में दहेज की बलि चढ़ी एक विवाहिता। पति ने धारदार हथियार से गला रेतकर की निर्मम हत्या, पूरे गांव में फैली सनसनी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत और घेराबंदी के बाद मुख्य आरोपी पति को किया गिरफ्तार, जानें पूरी वारदात का विवरण।

करौली में दहेज हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल। पुलिस ने इस जघन्य वारदात के मुख्य आरोपी राजेंद्र सिंह गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है।
मासलपुर/करौली। करौली जिले के मासलपुर थाना क्षेत्र के बरबटपुरा गांव में मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली एक जघन्य वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने दहेज की खातिर अपनी पत्नी की धारदार हथियार (बांक) से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका के भाई रिकेश निवासी कारवाडी (भरतपुर) की शिकायत पर पति राजेन्द्र गुर्जर सहित देवर धारा, अमृत और अजय के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने और षड्यंत्रपूर्वक हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया। मासलपुर पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की, जिसके लिए फोरेंसिक मोबाइल यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशानुसार, करौली डीएसपी अनुज शुभम के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस की विभिन्न टुकड़ियों ने आरोपी की धरपकड़ के लिए निमरीपुरा, चतुर्भुज का बेड़ा, चिंरजी का बेड़ा और आस-पास के जंगली इलाकों व पहाड़ियों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
इस कार्रवाई के दौरान करौली सदर थानाधिकारी यदुवीर सिंह की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मुख्य आरोपी राजेन्द्र सिंह गुर्जर शेरपुर की ओर से जटनगला की तरफ जा रहा है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जटनगला के समीप घेराबंदी की, जहां पुलिस जाब्ते को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान बरबटपुरा निवासी राजेन्द्र सिंह गुर्जर के रूप में स्पष्ट की। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे मासलपुर पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां थानाधिकारी परमजीत सिंह द्वारा मामले की अग्रिम अनुसंधान और गहन पूछताछ की जा रही है। यह गिरफ्तारी करौली पुलिस की तत्परता और पेशेवर जांच का परिणाम है, जिसने इस हृदयविदारक अपराध के आरोपी को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया।

Rajendra Kumbhakar, Karauli
वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा
परिचय
राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:
- टीएनआई आवाज
- समाचार प्लस
- न्यूज भारत
- दैनिक भास्कर डिजिटल
- पब्लिक एप
- शुरू एप
- करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
- राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
