करौली। जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने सोमवार को मंडरायल रोड स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की बहुमंजिला इमारतों का सघन औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात एक्शन मोड में नजर आ रहे जिला कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और समस्त निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर ही पूर्ण करने होंगे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गोदारा ने गर्ल्स एवं बॉयज छात्रावास, स्टाफ व फैकल्टी क्वार्टर, आईसीयू ब्लॉक, नर्सिंग कॉलेज तथा नर्सिंग छात्रावास का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मुख्य द्वार से नर्सिंग कॉलेज तक बनने वाली सड़क सहित अन्य बुनियादी संरचनाओं की प्रगति का ब्यौरा राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (आरएसआरडीसी) के परियोजना निदेशक मनोज श्रीवास्तव एवं सहायक अभियंता नीलम मीणा से प्राप्त किया। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर तकनीकी बाधाओं को दूर करने और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर ने विशेष रूप से मेडिकल कॉलेज से नर्सिंग कॉलेज तक की सड़क का डामरीकरण एवं डब्लूबीएम (WBM) कार्य शीघ्र पूर्ण करने, सड़क के दोनों ओर आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था स्थापित करने और बाउंड्री वॉल को निर्धारित ऊंचाई तक पूरा करने के आदेश दिए। उन्होंने गर्ल्स हॉस्टल के मुख्य प्रवेश द्वार पर कांच लगवाने, जीआरसी सेफ्टी नेट स्थापित करने तथा शेष रही खिड़कियों में ग्लास फिटिंग का कार्य तत्काल प्रभाव से समाप्त करने को कहा। इसके अतिरिक्त प्लंबिंग, दरवाजों के फिटिंग और फिक्स्चर इंस्टालेशन जैसे सिविल कार्यों को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश प्रदान किए गए।

परियोजना की महत्ता को देखते हुए कलेक्टर ने एसटीपी के समयबद्ध निर्माण हेतु अतिरिक्त टीमें तैनात करने तथा इंडोर स्टेडियम के कार्य की गति बढ़ाने के लिए अतिरिक्त श्रमिक लगाने की हिदायत दी, ताकि कॉलेज का सुचारू संचालन समय पर सुनिश्चित हो सके। उन्होंने परिसर में फैली गंदगी और मलबे के त्वरित निस्तारण सहित आवासीय भवनों को फिनिशिंग टच देने की बात कही। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी मीणा, पीएमओ डॉ. रामकेश मीणा, सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के सहायक निदेशक धर्मेंद कुमार मीना सहित विभिन्न चिकित्सा अधिकारी, संवेदक प्रतिनिधि एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story