करौली: सीएमएचओ के औचक निरीक्षण में 3 डॉक्टर और 4 कर्मी अनुपस्थित, थमाया नोटिस
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीना ने चार संस्थानों का निरीक्षण कर अनुपस्थित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

करौली में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता जांचते सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीना।
करौली। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और चिकित्सा व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सतीश चंद मीना ने चार चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन चिकित्सा अधिकारी और चार स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए। सीएमएचओ ने अनुपस्थित कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीपीसी-आईईसी लखन सिंह लोधा भी मौजूद रहे। डॉ. मीना ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर धनीराम सरपंच का पुरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) कोंडर, पीएचसी फतेहपुर और पीएचसी कोटरी का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई और रिकॉर्ड संधारण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की गई।
निरीक्षण में सामने आई व्यवस्थाओं के मद्देनजर सीएमएचओ ने संबंधित कार्मिकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित यूनिफॉर्म में रहने के लिए भी पाबंद किया। साथ ही चिकित्सा संस्थानों में कार्यरत चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को आमजन के लिए बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. मीना ने कहा कि चिकित्सा संस्थानों में आने वाले मरीजों को समय पर उपचार मिलना चाहिए और सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संस्थानों में साफ-सफाई बनाए रखने, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, जांच सुविधाओं को सुचारू रखने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
सीएमएचओ ने चिकित्सा संस्थानों की व्यवस्थाओं में सुधार करने और मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने पर जोर दिया। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों और दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

Rajendra Kumbhakar, Karauli
वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा
परिचय
राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:
- टीएनआई आवाज
- समाचार प्लस
- न्यूज भारत
- दैनिक भास्कर डिजिटल
- पब्लिक एप
- शुरू एप
- करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
- राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
