करौली: सीएमएचओ ने चिकित्सा संस्थानों का किया औचक निरीक्षण, दिए निर्देश
सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीना ने भीषण गर्मी के बीच स्वास्थ्य सेवाओं और एचपीवी टीकाकरण की प्रगति जांची, लापरवाही पर कर्मियों को नोटिस जारी किए।

करौली जिले के एक चिकित्सा संस्थान में वार्ड का निरीक्षण करते सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीना और अन्य अधिकारी, जहां मरीजों के उपचार और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
भीषण गर्मी के बीच चिकित्सा व्यवस्थाओं की हकीकत परखने और एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रगति का जायजा लेने के लिए सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीना ने जिले के चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएचसी परिता, सायपुर और पीएचसी गुनेसरा में व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई, जहां सायपुर में अनुपस्थित पाए गए कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
करौली जिला संवाददाता राजेन्द्र प्रसाद कुम्भकार के अनुसार निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने हीटवेव से निपटने की तैयारियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने वार्डों में बेड आरक्षित रखने तथा कूलर और एसी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में एचपीवी वैक्सीनेशन की वास्तविक स्थिति से रूबरू होते हुए विद्यालयों में 14-15 वर्ष की बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने हेतु संस्था प्रभारियों को पाबंद किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थानों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार तथा स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित यूनिफॉर्म में निर्धारित समय तक उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में एचपीवी वैक्सीनेशन का महत्व प्रभावी ढंग से समझाया जाए और अभिभावकों की काउंसलिंग कर उन्हें यह बताया जाए कि एचपीवी वैक्सीनेशन से सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम किया जा सकता है।
सीएमएचओ ने प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बालिकाओं के माता-पिता को यह जानकारी दी जाए कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव में प्रभावी मानी जाती है और समय पर टीकाकरण भविष्य के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना न केवल स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धि होगी, बल्कि इससे बड़ी संख्या में बालिकाओं को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित किया जा सकेगा।
यह औचक निरीक्षण जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, जवाबदेही और जनस्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Rajendra Kumbhakar, Karauli
वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा
परिचय
राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:
- टीएनआई आवाज
- समाचार प्लस
- न्यूज भारत
- दैनिक भास्कर डिजिटल
- पब्लिक एप
- शुरू एप
- करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
- राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
