हिंडौन में चंद्रप्रकाश पटवारी की संदिग्ध मौत पर अग्रवाल समाज ने उठाई उच्च स्तरीय जांच की मांग
हिंडौन सिटी में वस्त्र व्यापारी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू पटवारी की संदिग्ध मौत के मामले में अग्रवाल समाज ने उप जिला कलेक्टर महेश चंद्र मान को ज्ञापन सौंपा। समाज ने फॉरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है।

हिंडौन सिटी में व्यापारी चंद्रप्रकाश पटवारी की संदिग्ध मौत के मामले में उप जिला कलेक्टर महेश चंद्र मान को ज्ञापन सौंपते अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि।
हिंडौन सिटी में वरिष्ठ वस्त्र व्यापारी एवं अग्रवाल समाज के सदस्य स्व. चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू पटवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग तेज हो गई है। अग्रवाल समाज ने उप जिला कलेक्टर महेश चंद्र मान को ज्ञापन सौंपकर मामले की विस्तृत जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। घटना को लेकर व्यापारी वर्ग और अग्रवाल समाज में रोष और भय का माहौल है।
अग्रवाल समाज के महामंत्री एडवोकेट लक्ष्मण गोयनका ने बताया कि समाज समिति के वरिष्ठ सदस्य स्व. चंद्रप्रकाश पटवारी का शव गत 12 अक्टूबर को जलसेन तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। घटना के बाद से ही मृतक के परिजनों और समाज के लोगों ने प्रॉपर्टी संबंधी विवाद सहित अन्य पहलुओं को लेकर गंभीर आशंकाएं व्यक्त की हैं।
अग्रवाल समाज समिति ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की संपूर्ण जांच फॉरेंसिक टीम और विशेष जांच दल से कराई जाए। घटना का खुलासा करने के लिए शहर में लगे सभी संबंधित सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की गहनता से जांच की जाए। इसके साथ ही मृतक से जुड़े प्रॉपर्टी संबंधी सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि मामले की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें।
समाज समिति ने पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट शीघ्र सार्वजनिक करने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की है। समाज के लोगों का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करना आवश्यक है।
अग्रवाल समाज के लोगों ने स्पष्ट किया कि अग्रवाल समाज शांतिप्रिय समाज है, लेकिन यदि मामले में निष्पक्ष और त्वरित जांच नहीं की जाती है, तो समाज हिंडौन का बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगा। समाज ने प्रशासन से इस मामले में पूर्ण न्याय मिलने की अपेक्षा जताई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अग्रवाल समाज के अध्यक्ष सत्येंद्र आर्य, अग्रसेन शिक्षा प्रसार समिति के पूर्व अध्यक्ष रामदयाल पटवारी, समाज के महामंत्री एडवोकेट लक्ष्मण गोयनका, अग्रसेन शिक्षा प्रसार समिति के पूर्व महामंत्री प्रकाश खेडिया, तहसील अध्यक्ष रामचरण चुरारी और अग्रवाल समाज के जिला महामंत्री डॉ. आनंद सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग और व्यापारी उपस्थित रहे। अब इस मामले में समाज की प्रमुख मांगें निष्पक्ष जांच, फॉरेंसिक साक्ष्यों की पड़ताल और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर केंद्रित हैं।

Rajendra Kumbhakar, Karauli
वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा
परिचय
राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:
- टीएनआई आवाज
- समाचार प्लस
- न्यूज भारत
- दैनिक भास्कर डिजिटल
- पब्लिक एप
- शुरू एप
- करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
- राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
