हिंडौन: जाटव समाज के युवा अध्यक्ष पर हमला, गिरफ्तारी हेतु कलेक्टर को ज्ञापन
हरिओम ठेकेदार पर फायरिंग के विरोध में समाज ने करौली कलेक्टर अक्षय गोदारा को ज्ञापन सौंपा और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी व पुलिस सुरक्षा की मांग की।

हिंडौन सिटी में युवा अध्यक्ष हरिओम ठेकेदार पर हुए हमले के विरोध में बुधवार को जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा को ज्ञापन सौंपते जाटव समाज के प्रतिनिधि और पदाधिकारी।
राजस्थान के करौली जिले के हिंडौन सिटी में जाटव समाज सुधार समिति (करौली-सवाई माधोपुर-दौसा) के युवा अध्यक्ष हरिओम ठेकेदार पर हुए कायराना जानलेवा हमले ने समूचे क्षेत्र में तनाव और रोष पैदा कर दिया है। बुधवार को समाज के सैकड़ों लोगों ने एकजुट होकर जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा को ज्ञापन सौंपते हुए अज्ञात हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित को सुरक्षा मुहैया कराने की पुरजोर मांग की।
घटनाक्रम के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 की देर रात करीब 11:45 बजे जाटव बस्ती निवासी भगवान सिंह जाटव के पुत्र हरिओम ठेकेदार पर हिंडौन रोड स्थित खटाना पेट्रोल पंप और गाजीपुर टोल प्लाजा के मध्य अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमलावरों ने सीधे उनकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए गोलियां दागीं, जिसमें हरिओम ठेकेदार की जान बाल-बाल बच गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद थाना महुवा में 21 अप्रैल को एफआईआर संख्या 179/2026 के तहत बीएनएस 2023 की धारा 109(1), 3(5) एवं 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। हालांकि, एफआईआर में कोई भी आरोपी नामजद नहीं होने से पुलिस की तफ्तीश अब तक बेनतीजा रही है।
समिति के प्रवक्ता रिंकू खेड़ी हैवत ने प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि हरिओम ठेकेदार समाज के एक सक्रिय और लोकप्रिय युवा पदाधिकारी हैं, जिन पर हुआ यह हमला पूरे जाटव समाज को डराने की कोशिश है। ज्ञापन के माध्यम से समाज ने पांच सूत्रीय मांगें रखी हैं, जिनमें अज्ञात आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच, हरिओम ठेकेदार व उनके परिवार को पुलिस सुरक्षा, क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और आत्मरक्षार्थ पीड़ित को हथियार का लाइसेंस जारी करने की मांग शामिल है। चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन ने समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की, तो समाज उग्र आंदोलन की राह चुनने को विवश होगा। इस दौरान करौली-धौलपुर लोकसभा प्रत्याशी व महिला अध्यक्ष इंदु जाटव, दीपक जाटव, इंद्राज जाटव, हरद्वारी जाटव, नेमीचंद तेसगांव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रशासन से मांग की गई है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु अपराधियों पर कठोरतम प्रहार किया जाए।

Rajendra Kumbhakar, Karauli
वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा
परिचय
राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:
- टीएनआई आवाज
- समाचार प्लस
- न्यूज भारत
- दैनिक भास्कर डिजिटल
- पब्लिक एप
- शुरू एप
- करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
- राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
