करौली/हिंडौन सिटी: महाविद्यालयों में संविदा नियुक्तियों की चयन प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के अनुरूप पुनर्संरचना की माँग को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (उच्च शिक्षा) की राजकीय महाविद्यालय हिंडौन सिटी इकाई द्वारा राजसेस महाविद्यालयों की वर्तमान संकल्पना एवं संचालन व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस शांतिपूर्ण एवं मर्यादित विरोध प्रदर्शन के दौरान प्राध्यापकों ने महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर काली पट्टी बांधकर तथा मांगों से संबंधित प्ले-कार्ड्स लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।


राजसेस (Raj-CES) योजना और एनईपी-2020 का विरोध

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अनुसार, राजसेस योजना के अंतर्गत संचालित महाविद्यालयों का वर्तमान स्वरूप राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 की मूल भावना के विपरीत है। स्थानीय इकाई के सचिव डॉ रीतेश जैन ने बताया कि:

  • "इन महाविद्यालयों में स्थायी अकादमिक ढांचे का अभाव, अपर्याप्त अधोसंरचना एवं संसाधन, शोध एवं नवाचार की संभावनाओं का न होना तथा संविदा एवं अस्थायी नियुक्तियों पर आधारित अध्यापन व्यवस्था राज्य की उच्च शिक्षा को गुणवत्ता, बहुविषयकता एवं अकादमिक निरंतरता से दूर ले जा रही है।"

आंकड़ों में महाविद्यालयों की स्थिति

महासंघ के जिला सह सचिव डॉ श्री निवास गुर्जर ने राजसेस महाविद्यालयों की स्थिति पर निम्नलिखित तथ्य प्रस्तुत किए:

  • सत्र 2020–21 से 2022–23 के मध्य Raj-CES योजना के अंतर्गत 303 नवीन महाविद्यालय खोले गए।
  • वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सत्र 2023–24 एवं 2024–25 में 71 अतिरिक्त Raj-CES महाविद्यालय खोले जा चुके हैं, जिससे इनकी कुल संख्या 374 हो गई है।
  • इनमें से लगभग 260 राजसेस महाविद्यालयों में आज भी एक भी स्थायी संकाय सदस्य कार्यरत नहीं है, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है।

एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल द्वारा उपखंड अधिकारी/जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री, राज्यपाल एवं प्रधानमंत्री के नाम पृथक-पृथक एसडीएम हेमराज गुर्जर को ज्ञापन दिया गया है।


विरोध प्रदर्शन में उपस्थित पदाधिकारी

विरोध प्रदर्शन व ज्ञापन सौंपने के दौरान राजकीय महाविद्यालय हिंडौन सिटी इकाई के निम्नलिखित सदस्य मौजूद रहे:

  • गंगा राम मीना
  • मुकेश कुमार गोयल
  • डॉ अनिल अग्रवाल
  • यशस्वी मीना
  • इकाई सचिव डॉ रीतेश जैन
  • जिला सह सचिव डॉ श्री निवास गुर्जर
  • राजकुमारी
  • उपमा मीना
  • शालिनी गुप्ता
  • डॉ आशा राठौर
  • भूप सिंह
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story