हिंडौन सिटी। सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में हिंडौन सिटी के जगदीश कॉलोनी स्थित शहर गुरुद्वारा में मंगलवार सुबह धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत प्रभात फेरी के साथ हुई। सुबह 5 बजे निकली प्रभात फेरी में सिख और पंजाबी समाज के महिला-पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती प्रभात फेरी के दौरान 'वाहेगुरु' के सिमरन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

शहर गुरुद्वारा के ज्ञानी जगदीश सिंह एवं चुन्नी-भोला ने बताया कि प्रभात फेरी सुबह 5 बजे शहर गुरुद्वारा से रवाना हुई। यह जगदीश कॉलोनी, दिल सुख टाल, डैप रोड, कटरा बाजार, सराफा बाजार, नीम का बाजार, चूड़ी बाजार और अग्रवाल धर्मशाला होते हुए पुनः शहर गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न हुई।

प्रभात फेरी के दौरान संगत ने ढोलक, हारमोनियम और मंजीरों की मधुर धुनों के साथ 'सतनाम-सतनाम-सतनाम जी, वाहेगुरु-वाहेगुरु-वाहेगुरु जी' का सिमरन किया। इस दौरान 'बोले सो निहाल, सत श्री अकाल' और 'वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह' के जयकारे भी लगाए गए।

इस धार्मिक आयोजन में शहर गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष पम्मी जुनेजा, वार्ड पार्षद रमेश चंद कल्ला टाल वालों सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। प्रभात फेरी में महिलाओं, पुरुषों के साथ युवाओं और बच्चों की भी भागीदारी रही।

ज्ञानी जगदीश सिंह ने प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुद्वारा साहिब में श्री सुखमणि साहिब जी का पाठ और मनोहारी शब्द कीर्तन होगा। इस अवसर पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को नवीन रुमाला साहिब भेंट किया जाएगा। इसके बाद विश्व शांति और सर्व कल्याण की कामना के साथ सामूहिक अरदास की जाएगी। कार्यक्रम में शामिल संगत के लिए अटूट लंगर प्रसादी का वितरण भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रात्रि 8 बजे बच्चों के लिए विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं धार्मिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को गुरुद्वारा कमेटी की ओर से सम्मानित किया जाएगा। प्रकाश पर्व के तहत आयोजित धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रभात फेरी के बाद पाठ, कीर्तन, अरदास, लंगर और बच्चों की प्रतियोगिताएं शामिल रहेंगी।

Rajendra Kumbhakar, Karauli

Rajendra Kumbhakar, Karauli

नाम: राजेन्द्र प्रसाद कुम्भाकर

वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा

परिचय 

राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:

  • टीएनआई आवाज
  • समाचार प्लस
  • न्यूज भारत
  • दैनिक भास्कर डिजिटल
  • पब्लिक एप
  • शुरू एप
  • करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
  • राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story