31 जुलाई तक आयुष्मान आरोग्य योजना में पंजीयन कराएं, 1 अगस्त से मिलेगा 25 लाख का स्वास्थ्य और 10 लाख का दुर्घटना बीमा
31 जुलाई 2026 तक मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना में पंजीयन कराने पर 1 अगस्त से 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा और 10 लाख का दुर्घटना बीमा लाभ मिलेगा।

राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी फ्लैगशिप योजना मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत प्रदेश के बड़े शहरों से लेकर गांव तक जरूरतमंद नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल रहा है। योजना के अंतर्गत पंजीकृत परिवारों को 25 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा और 10 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना में शामिल परिवार जिले के समस्त मां योजना में पंजीकृत निजी एवं राजकीय चिकित्सालयों में नि:शुल्क उपचार का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी करौली डॉ. सतीश चंद मीणा ने बताया कि जो परिवार अभी तक योजना में पंजीयन से वंचित हैं, यदि वे 31 जुलाई, 2026 तक अपना पंजीकरण करवा लेते हैं तो उन्हें 1 अगस्त, 2026 से ही योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के कुल परिवारों में से अभी केवल 70 प्रतिशत परिवार ही मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना में पंजीकृत हैं।
डॉ. सतीश चंद मीणा ने शेष सभी वंचित परिवारों से अपील की है कि वे 31 जुलाई, 2026 तक ई-मित्र के माध्यम से मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना में अपना पंजीकरण अवश्य करवा लें, ताकि 1 अगस्त, 2026 से योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना में पंजीकरण करवाकर अपने परिवार को सुरक्षित करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि यदि 31 जुलाई, 2026 तक योजना में पंजीकरण नहीं कराया जाता है तो लाभ तीन माह बाद, यानी 1 नवंबर, 2026 से मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि कई बार परिवार का पंजीकरण नहीं होने और बीमारी अथवा दुर्घटना की स्थिति बनने पर परिवार नि:शुल्क उपचार से वंचित रह जाता है, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। योजना में पंजीयन करवाने के बाद लाभार्थी को 25 लाख रुपए तक का नि:शुल्क इलाज उपलब्ध होगा। इसके साथ ही 10 लाख रुपए तक का मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा भी नि:शुल्क मिलेगा।
डॉ. सतीश चंद मीणा ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा, सामाजिक-आर्थिक जनगणना-2011, लघु एवं सीमांत किसान, कोविड-19 एवं संविदा कर्मियों की अनुग्रह राशि प्राप्त करने वाले निराश्रित एवं असहाय परिवारों के लिए बीमा का प्रीमियम सरकार वहन कर रही है। ऐसे परिवारों का पंजीकरण स्वतः ही किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संविदा कर्मियों को अपनी पॉलिसी कॉन्ट्रैक्चुअल श्रेणी में प्रत्येक वर्ष नि:शुल्क रिन्यू करवाना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त अन्य सभी परिवार मात्र 850 रुपए प्रीमियम जमा करवाकर इस योजना का एक वर्ष के लिए लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत अपने परिवार का पंजीकरण कराने के लिए जन आधार कार्ड, आधार कार्ड अथवा जन आधार पंजीयन रसीद के माध्यम से नजदीकी ई-मित्र केंद्र पर जाकर या स्वयं की एसएसओ आईडी के जरिए पंजीकरण कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समय पर पंजीकरण कराकर परिवार इस स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का पूरा लाभ सुनिश्चित कर सकते हैं।

Rajendra Kumbhakar, Karauli
वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा
परिचय
राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:
- टीएनआई आवाज
- समाचार प्लस
- न्यूज भारत
- दैनिक भास्कर डिजिटल
- पब्लिक एप
- शुरू एप
- करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
- राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
