करौली। युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से "मेरा युवा भारत" करौली द्वारा आयोजित ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुक्रवार को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सपोटरा में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा खेलो इंडिया के सहयोग से किया गया।

इस प्रतियोगिता में ब्लॉक सपोटरा एवं मंडरायल के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करना था। प्रतियोगिता में कबड्डी, रस्साकशी, बैडमिंटन और 400 मीटर दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

रस्साकशी महिला वर्ग में युवा मंडल सपोटरा की टीम विजेता रही, जबकि युवा मंडल गोठरा उपविजेता बनी। पुरुष वर्ग की कबड्डी में युवा मंडल सपोटरा ने प्रथम स्थान हासिल किया और युवा मंडल गजजुपूरा टीम उपविजेता रही। 400 मीटर पुरुष वर्ग में दिलकुश बैरवा ने पहला स्थान प्राप्त किया और दिलराज मेरोठा दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, महिला वर्ग में भारती मीणा ने प्रथम स्थान और रोशनी मीणा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। बैडमिंटन पुरुष वर्ग में धर्मराज बैरवा विजेता रहे, जबकि सोनू मीना उपविजेता बने। महिला वर्ग में रिया शर्मा विजेता और राजकुमारी माली उपविजेता रहीं।

प्रतियोगिता के दौरान युवाओं का उत्साह और जोश दर्शनीय रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हरिकेश मीणा थे। विजेताओं और उपविजेताओं को "मेरा युवा भारत" की ओर से प्रशस्ति पत्र, आकर्षक पुरस्कार और मेडल प्रदान किए गए। निर्णायक मंडल ने निष्पक्षता से विजेताओं का चयन सुनिश्चित किया।

कार्यक्रम का सफल आयोजन जिला युवा अधिकारी शरद त्रिपाठी के निर्देशन में हुआ। कार्यालय सहायक नेहरू लाल बैरवा ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर विजेता युवा प्रतिभाओं को आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने सभी युवाओं को "मेरा युवा भारत" पोर्टल पर आयोजित गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

इस आयोजन में "मेरा युवा भारत" करौली की टीम, विद्यालय प्रशासन और खेल प्रशिक्षकों—रामकेश मीणा, घनश्याम शर्मा, रतन नाथ योगी, रौनक जैन, रूप लाल खटीक—का विशेष योगदान रहा। स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों और शिक्षकों ने भी युवाओं को प्रोत्साहित किया। उपप्रधानाचार्य सत्यनारायण मीणा, व्याख्याता मनमेश मीणा और "मेरा युवा भारत" टीम के नंदिनी चौधरी, मनीष कुमार शर्मा, आरती सैनी आदि कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

इस आयोजन ने युवाओं में टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और खेल के प्रति रुचि को सुदृढ़ किया। ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद के प्रति इस तरह की पहल भविष्य में नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Updated On
Rajendra Kumbhakar, Karauli

Rajendra Kumbhakar, Karauli

नाम: राजेन्द्र प्रसाद कुम्भाकर

वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा

परिचय 

राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:

  • टीएनआई आवाज
  • समाचार प्लस
  • न्यूज भारत
  • दैनिक भास्कर डिजिटल
  • पब्लिक एप
  • शुरू एप
  • करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
  • राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story