आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर सख्ती: निरीक्षण में चिकित्सक अनुपस्थित, नोटिस जारी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने करौली और हिंडौन के कई आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांची और अनुपस्थित चिकित्सक से जवाब तलब किया।

करौली शहर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के औचक निरीक्षण के दौरान चिकित्सा कक्ष के भीतर व्यवस्थाओं, दवाइयों की उपलब्धता और चिकित्सा उपकरणों का जायजा लेते प्रशासनिक अधिकारी।
शहरी क्षेत्रों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, सुगम और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने मिशन मोड में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान एक केंद्र पर चिकित्सक के लगातार अनुपस्थित पाए जाने पर विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सतीश चंद मीणा ने करौली शहर के तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निरीक्षण किया, जबकि धनीराम सरपंच का पुरा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण जिला कार्यक्रम अधिकारी आशुतोष पांडे ने किया। वहीं हिंडौन क्षेत्र में बड़ का पाड़ा, गुलशन कॉलोनी, सिटी डिस्पेंसरी एवं जाट की सराय स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निरीक्षण जिला कार्यक्रम अधिकारी विश्वेंद्र शर्मा द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान धनीराम सरपंच का पुरा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में चिकित्सक विगत कई दिनों से अनुपस्थित पाया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित चिकित्सक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
सीएमएचओ डॉ. मीणा ने बताया कि शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का संचालन अब दो पारियों में किया जा रहा है, ताकि मरीजों को उनकी सुविधा के अनुसार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। निरीक्षण के दौरान सुबह की पारी में अधिकांश कार्मिक उपस्थित मिले, जिन्हें निर्धारित यूनिफॉर्म में कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही दोनों पारियों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए भी पाबंद किया गया।
निरीक्षण टीम ने संस्थानों में साफ-सफाई व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, विभिन्न जांच सेवाओं, ओपीडी संचालन तथा टीकाकरण गतिविधियों का भी जायजा लिया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
स्वास्थ्य विभाग की यह कार्रवाई शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी को मजबूत करने और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Rajendra Kumbhakar, Karauli
वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा
परिचय
राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:
- टीएनआई आवाज
- समाचार प्लस
- न्यूज भारत
- दैनिक भास्कर डिजिटल
- पब्लिक एप
- शुरू एप
- करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
- राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
