करौली जिले में राष्ट्रीय बाल दिवस पर बच्चों के अधिकार, सुरक्षा और समान अवसरों को लेकर जागरूकता का बड़ा अभियान शुरू हुआ। जिला प्रशासन और एक्शनएड यूनिसेफ करौली के संयुक्त तत्वावधान में बाल संरक्षण सप्ताह का शुभारंभ अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमराज परिडवाल और पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने पोस्टर का विमोचन कर किया। यह अभियान 20 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय बाल दिवस तक चलेगा, जिसके अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न विभागों व सामाजिक संगठनों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शुभारंभ कार्यक्रम श्री चिरंजी लाल स्वतंत्रता सेनानी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय करौली में आयोजित हुआ, जहां एक कदम ओर फाउंडेशन के दृष्टिबाधित बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर सबका दिल जीत लिया। एक्शनएड यूनिसेफ के जिला समन्वयक दिनेश कुमार बैरवा ने बताया कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वस्थ जीवन और सुरक्षित वातावरण मिलना उसका मूल अधिकार है, और इसी उद्देश्य से जिले में बाल संरक्षण सप्ताह समर्पित किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान बाल कल्याण समिति अध्यक्ष अनिल शर्मा ने बाल विवाह, बालश्रम, भिक्षावृत्ति, तस्करी और बाल उत्पीड़न जैसी सामाजिक बुराइयों पर रोकथाम की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को भयमुक्त वातावरण देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समिति सदस्य फजले अहमद ने जिले में चल रहे बाल संरक्षण कार्यों पर जानकारी साझा की, जबकि सदस्य फरीदा शाह ने आमजन से बाल संरक्षण से जुड़े मामलों पर सतर्क रहकर बच्चों के हितों की रक्षा करने की अपील की।

जिला युवा अधिकारी शरद त्रिपाठी ने बच्चों को शिक्षा पर ध्यान केंद्रित कर अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक राजेश शर्मा ने शिक्षा विभाग की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए गुड टच–बैड टच की अवधारणा से बच्चों को अवगत कराया। महिला अधिकारिता विभाग की प्रचेता गोमती मीणा ने विभाग की शिक्षा सेतु योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी, चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी भीकम सिंह, अभा संस्थान के देवेन्द्र सिंह, आवास प्रभारी देवीशंकर तथा एक कदम ओर फाउंडेशन से विनोद, रामेश्वर, सपना, विक्रम राजपूत, प्रेरणा धावाई, रामसिंह बैरवा, नंदनी, खुशी और रामराज गूर्जर सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाई। बाल संरक्षण सप्ताह का यह शुभारंभ जिले में बच्चों के सुरक्षित, शिक्षित और सशक्त भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story