हिण्डौन सिटी। भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत करौली एवं एक्शनएड एसोसिएशन करौली के संयुक्त तत्वावधान में रतनी देवी गर्ल्स टी.टी. कॉलेज, वर्धमान नगर में "मेरा संविधान – मेरा स्वाभिमान" विषय पर एक भव्य और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन युवाओं में संविधान के महत्व, उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रमुख माध्यम रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की स्मृति में उनके योगदान को याद करते हुए किया गया। मेरा युवा भारत करौली के जिला युवा अधिकारी शरद त्रिपाठी ने संविधान की उद्देशिका, मौलिक अधिकार, कर्तव्य तथा लोकतांत्रिक संरचना पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है, जो हर नागरिक को समानता, न्याय और स्वतंत्रता की गारंटी देता है।

इस अवसर पर संविधान उद्देशिका का सामूहिक पाठ कराते हुए युवाओं को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल सिद्धांतों को अपनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में संविधान आधारित भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें राधा कुमारी को प्रथम, सारिका शर्मा को द्वितीय और गरिमा देवल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विजेताओं को मेरा युवा भारत करौली की ओर से प्रमाण पत्र, "माय भारत डायरी", "माय भारत टी-शर्ट", पेन और पेन स्टैंड जैसे उपहार देकर सम्मानित किया गया।

मंच संचालन का दायित्व युवा वालंटियर राधा कुमारी ने सफलतापूर्वक निभाया। कार्यक्रम ने युवाओं में संवैधानिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को भी मजबूत किया। इस दौरान महाविद्यालय सचिव घनश्याम चतुर्वेदी, प्राचार्य बृजलता चौधरी, एक्शनएड वालंटियर हेमराज माली, मेरा युवा भारत वालंटियर्स नंदिनी चौधरी, उपासना चौधरी, चिंटू शेखावत, व्याख्याता योगेश कुमार जोशी, संजय शर्मा, कपिलदेव शर्मा, रेखा बाई शर्मा, विनोद कुमार शर्मा और समस्त मेरा युवा भारत टीम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story