जोधपुर: वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र सिंह राठौड़ के समर्थन में प्रदर्शन, कलेक्टर के खिलाफ जांच की मांग
आईएफडब्ल्यूजे के नेतृत्व में पत्रकारों ने संभागीय आयुक्त को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, जैसलमेर कलेक्टर को निलंबित करने और ढांचा ध्वस्तीकरण की जांच की मांग की।

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में पत्रकारिता जगत की स्वतंत्रता पर प्रहार के खिलाफ सैंकड़ों पत्रकारों ने एकजुट होकर न्याय की मांग बुलंद की है। आईएफडब्ल्यूजे (इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ के जैसलमेर स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर की गई प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में पत्रकारों ने सोमवार को जोधपुर के कार्यवाहक संभागीय आयुक्त गौरव अग्रवाल को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा। आईएफडब्ल्यूजे के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव गौड़ और जोधपुर संभाग प्रभारी विक्रम सिंह करणोत के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में जैसलमेर जिला कलेक्टर की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए उन्हें तत्काल निलंबित करने और पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र सिंह राठौड़ पिछले 22 वर्षों से जैसलमेर में पूर्ण विधिक अनुमति के साथ 'स्वाद रेस्टोरेंट' का संचालन कर रहे थे। उन्होंने अपने निजी निवेश से इस व्यवसाय को सींचा और समस्त सरकारी देयकों का नियमित भुगतान किया। इसके बावजूद, नवंबर 2025 में बिना किसी आधिकारिक लिखित आदेश के, महज मौखिक निर्देश देकर तीन दिन में परिसर खाली करने का दबाव बनाया गया, जिसे पत्रकार संगठनों ने पूर्णतः असंवैधानिक और तानाशाही करार दिया है।
प्रशासनिक हठधर्मिता का आलम यह रहा कि न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) मिलने के बाद भी कार्रवाई नहीं थमी। 23 दिसंबर को रसोई सील कर गैस सिलेंडर जब्त किए गए और लाइसेंस नवीनीकरण रोककर ग्राहकों को प्रताड़ित किया गया। दमनकारी नीति की पराकाष्ठा 18 फरवरी को सीजिंग और तत्पश्चात 17 मार्च को देखने को मिली, जब भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच जेसीबी मशीनों से रेस्टोरेंट की दीवारें ढहा दी गईं। इस ध्वस्तीकरण से करीब सवा करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। पत्रकार संगठनों का स्पष्ट आरोप है कि यह एक निर्भीक पत्रकार की आवाज दबाने के लिए किया गया व्यक्तिगत द्वेषपूर्ण हमला है, जो लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा प्रहार है।
पत्रकारों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय सुनिश्चित नहीं हुआ और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो 29 मार्च को राजधानी जयपुर में प्रदेशभर के पत्रकार जुटकर विशाल आंदोलन करेंगे। इस प्रदर्शन के दौरान आईएफडब्ल्यूजे जिला इकाई सलाहकार नंदू शाह, जोधपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय अस्थाना, सचिव शिव प्रकाश पुरोहित, जिला अध्यक्ष प्रदीप जोशी, ग्रामीण अध्यक्ष मनोज जैन, उपाध्यक्ष शरद शर्मा सहित वरिष्ठ पत्रकार अरुण हर्ष, रंजन दवे, चंद्र शेखर व्यास, योगेश दवे, ललित सिंह, इम्तियाज खान, समीर, आशीष पुरोहित, जितेंद्र डूडी, करण पूरी, लक्षित दवे, लक्ष्मण मोतीवाल, मुकेश श्रीमाली, जितेंद्र पुरोहित, पुनीत माथुर, सुमित ईश्वर सिंह, पाबू राम, मनीष दाधीच, नरेंद्र और सिरोही से आए हमीर सिंह राव, हेमंत अग्रवाल, कुंदन मल राठी, महेंद्र माली, नारायण लाल माली एवं जगदीश कुमार सहित भारी संख्या में मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
