विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी झालावाड़ के तत्वावधान में खाद्य सुरक्षा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के महत्व के प्रति जागरूक करना था।

अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद साजिद खान ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान, खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता संबंधी उपायों तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर बस स्टैंड झालावाड़, झालरापाटन एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर मॉर्निंग वॉक के लिए आने-जाने वाले नागरिकों को खाद्य सुरक्षा से संबंधित पोस्टर, पेम्फलेट एवं डार्टबुक (Dartbook) वितरित कर जागरूक किया गया।

प्रचार-प्रसार सामग्री के माध्यम से लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थों के चयन, मिलावट की पहचान तथा खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। साथ ही मोबाइल खाद्य प्रयोगशाला द्वारा आमजन को खाद्य पदार्थों की घर पर ही जांच करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

डॉ. मोहम्मद साजिद खान ने सभी खाद्य कारोबार कर्ताओं से अपील की कि वे आम जनता को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि सभी खाद्य पदार्थों को ढककर रखा जाए, अखबार के कागज में किसी भी प्रकार की खाद्य सामग्री न दी जाए तथा खाद्य अनुज्ञा पत्र को प्रतिष्ठान के प्रमुख प्रदर्शित भाग में लगाया जाए। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से अपने कार्मिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, प्रतिष्ठानों का पेस्ट कंट्रोल कराने, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा खाद्य सुरक्षा दल के निरीक्षण के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया।

उन्होंने आम नागरिकों से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी प्रकार की खाद्य अनियमितता की सूचना विभाग को देने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने भोजन में चीनी, नमक और तेल का सीमित उपयोग करने, मिलेट्स को आहार में शामिल करने तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए नियमित व्यायाम अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा कि “खाद्य सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही सुरक्षित एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।”

विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने आमजन में खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित भोजन के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story