झालावाड़। स्वतंत्रता संग्राम की अमर गाथा और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी ने जिले के सांस्कृतिक परिदृश्य को एक नई ऊँचाई दी। ‘वंदे मातरम@150’ शीर्षक से आयोजित इस विशेष फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी का उद्घाटन समारोह झालावाड़ के मुख्य समारोह स्थल पर उत्साह और गर्व के वातावरण में संपन्न हुआ।

जनसंपर्क अधिकारी हेमन्त छीपा ने बताया कि यह प्रदर्शनी राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के लेखन से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन में इसके अमिट योगदान तक की ऐतिहासिक यात्रा को प्रदर्शित करती है। इसमें उन प्रेरक प्रसंगों को भी स्थान दिया गया है, जिन्होंने देशवासियों के भीतर स्वतंत्रता की चेतना को जागृत किया। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता सेनानियों के विचार, राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत उद्धरण और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक महापुरुषों के जीवन प्रसंगों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का दूसरा प्रमुख आकर्षण रहा ‘वंदे मातरम रन’ और सामूहिक राष्ट्रगीत गायन, जिसमें जिले के दो हजार से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि, एनसीसी, एनएसएस, हिंदुस्तान स्काउट गाइड, पुलिस, पीटीएस और आरएसी के जवानों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल थे। ‘वंदे मातरम रन’ भवानी पार्क से प्रारंभ होकर मूर्ति चौराहा, मंगलपुरा, पंचमुखी बालाजी, बस स्टैंड, निर्भय सिंह सर्किल, मजदूर चौराहा होते हुए शहीद स्मारक पर जाकर संपन्न हुई, जहाँ उपस्थित जनसमूह ने भारत माता की जय के उद्घोष से वातावरण गुंजा दिया।

समापन अवसर पर प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और प्रशासनिक अधिकारियों ने शहीद श्री मुकुट बिहारी मीणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर शहीद की वीरांगना अंजना मीणा, उनकी पुत्री और परिजन भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम से पूर्व प्रभारी मंत्री ने शहीद श्री निर्भय सिंह सिसोदिया की प्रतिमा पर भी श्रद्धासुमन अर्पित कर वीर शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की।

समारोह में पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन ‘ताऊ’, चंद्रमोहन दाभाई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजी लाल मीणा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा, जिला खेल अधिकारी डॉ. कृपाशंकर शर्मा, सहायक निदेशक पर्यटन सिराज कुरैशी, अधीक्षण अभियंता जीतमल नागर और डॉ. अलीम बैग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मंच संचालन का दायित्व पूनम रोतेला और नरेंद्र दूबे ने कुशलतापूर्वक निभाया।

‘वंदे मातरम@150’ प्रदर्शनी ने न केवल दर्शकों को स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली अध्यायों से अवगत कराया, बल्कि आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को भी सशक्त किया। यह आयोजन इस बात का प्रमाण बना कि आज भी ‘वंदे मातरम’ की गूंज भारत के जन-जन में उतनी ही प्रबल है, जितनी स्वतंत्रता संग्राम के समय थी।

Suresh Momiya, Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar

नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय


परिचय

सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • दैनिक बढ़ता राजस्थान
  • दैनिक कोटा ब्यूरो
  • दैनिक दो गज दूरी

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story