सुनेल। बाईपास सड़क के किनारे गुरुवार सुबह जलदाय विभाग की पाइपलाइन फूटने से हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया, जिससे क्षेत्रवासियों और राहगीरों में आक्रोश व्याप्त हो गया। मामला राजगढ़ पेयजल परियोजना से जुड़ा है, जिसे जल जीवन मिशन के तहत राजगढ़ बांध से झालरापाटन क्षेत्र के गांवों तक पानी उपलब्ध कराने के लिए लगभग ₹274.78 करोड़ की लागत से बिछाया गया था। इस परियोजना की देखरेख जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचईडी) विभाग कर रहा है।

सूत्रों के अनुसार, बाईपास रोड पर रोशनबाड़ी रोड के पास गुरुवार सुबह पानी छोड़ते समय पाइपलाइन फट गई। हजारों लीटर पानी करीब 2 से 3 घंटे तक सड़क पर बहता रहा। पानी का प्रेशर इतना अधिक था कि एक से दो किलो वजनी पत्थर और कंक्रीट के टुकड़े 40 से 50 फीट ऊपर से गिरते रहे। इस दौरान किसी राहगीर को चोट नहीं आई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

क्षेत्र के किसान शोभाराम गुर्जर, भेरूसिंह, जगदीश राठौर, संजय भील, हेमराज बैरागी, देवीसिंह नागर और भेरूलाल सुमन ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़कों को क्षतिग्रस्त किया गया, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत नहीं करवाई गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी संजय मीणा ने बताया कि पाइपलाइन को नियमों के विपरीत सड़क से लगभग 2 मीटर की दूरी और 1 मीटर की गहराई में बिछाया गया था। संवेदक और जलदाय विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत के चलते दो वर्ष गुजरने के बाद भी सड़कों की मरम्मत नहीं हुई। उन्होंने चेताया कि विभाग द्वारा अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो नोटिस जारी किया जाएगा।

इस मामले में पीएचईडी विभाग के भानुप्रताप, सहायक अभियंता, ने कहा कि पाइपलाइन डाले हुए दो वर्ष हो गए हैं और यह मामला उनकी जानकारी में नहीं था। वहीं, सहायक अभियंता रामनारायण पंकज ने बताया कि अगर सड़कों और रास्तों को पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त किया गया होगा, तो उसे दुरुस्त करवाया जाएगा।

स्थानीय लोग जलदाय विभाग की इस लापरवाही को लेकर नाराज हैं और उन्होंने अधिकारियों से शीघ्र मरम्मत की मांग की है। वर्तमान में विभाग द्वारा पाइपलाइन का परीक्षण किया जा रहा है, लेकिन वाल पॉइंट सड़क के पास होने के कारण राहगीरों को असुविधा हो रही है।

इस घटना ने सुनेल बाईपास और आसपास के क्षेत्रों में यातायात सुरक्षा और जलदाय परियोजनाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Suresh Momiya, Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar

नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय


परिचय

सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • दैनिक बढ़ता राजस्थान
  • दैनिक कोटा ब्यूरो
  • दैनिक दो गज दूरी

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story