सर फार्म भरवाने हेतु चिकित्सा विभाग करेगा विशेष ब्लॉक बैठकें निर्वाचन आयोग के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारी तेज
झालावाड़ जिले में चिकित्सा विभाग द्वारा सर फार्म भरवाने हेतु विशेष ब्लॉक बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार एएनएम व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रशिक्षण के लिए 15 से 22 नवम्बर तक जिलेभर में बैठकें होंगी।

झालावाड़, 13 नवम्बर। आगामी विधानसभा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए चिकित्सा विभाग अब सक्रिय मोर्चे पर है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार जिले में प्रत्येक मतदान केन्द्र पर मतदाताओं से गणना प्रपत्र और आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेज घर-घर जाकर एकत्रित करने की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए विशेष ब्लॉक स्तरीय बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
इन बैठकों का उद्देश्य ब्लॉक स्तर पर नियुक्त एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, जिन्हें बीएलओ के सहायक के रूप में तैनात किया गया है, को प्रशिक्षण प्रदान करना है ताकि सर (SIR) फार्म को सही और पूर्ण रूप से भरा जा सके। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ और अतिरिक्त जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार इन बैठकों की अध्यक्षता संबंधित ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी करेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉकों में यह प्रशिक्षण 15 से 22 नवम्बर तक क्रमवार आयोजित किया जाएगा। झालरापाटन ब्लॉक में 15 नवम्बर, खानपुर में 16 नवम्बर, सुनेल में 17 नवम्बर, डग में 18 नवम्बर, भवानीमंडी में 19 नवम्बर, मनोहरथाना में 20 नवम्बर, बकलेरा में 21 नवम्बर और बकानी ब्लॉक में 22 नवम्बर को बैठकें होंगी।
डॉ. खान ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक बैठक में संबंधित ब्लॉक के अधिकारी एवं कार्मिकों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा सौंपे गए दायित्वों को चिकित्सा विभाग के नियमित कार्यों के साथ पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी से संपन्न किया जाए। यह विशेष प्रशिक्षण न केवल निर्वाचन कार्यों की पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करेगा, बल्कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को भी और अधिक सशक्त बनाएगा।
इन विशेष ब्लॉक बैठकों के माध्यम से चिकित्सा विभाग मतदाता जागरूकता और निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहा है। यह पहल जिले में लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक कदम मानी जा रही है।

Suresh Momiya, Jhalawar
नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय
परिचय
सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- दैनिक बढ़ता राजस्थान
- दैनिक कोटा ब्यूरो
- दैनिक दो गज दूरी
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
