झालावाड़, 18 नवंबर। मतदाता सूचियों को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर 2026) अभियान के तहत जिले के युवा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में मंगलवार को विशेष कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला का उद्घाटन उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) अनुराग भार्गव ने किया। उन्होंने कहा कि मतदान करना प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है और इसके लिए मतदाता सूची में नाम होना अनिवार्य है। उन्होंने एसआईआर अभियान के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक निर्वाचक सूची में शामिल होने से छूटे नहीं और कोई अयोग्य व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

कार्यशाला में युवाओं को अपने और अपने परिजनों के एन्यूमरेशन फार्म ऑनलाइन भरने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। कॉलेज के ब्रांड एम्बेसडर द्वारा डिजिटल बोर्ड पर इस प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही युवाओं ने स्वयं ऑनलाइन गणना प्रपत्र भरकर भागीदारी भी दिखाई।

एडीएम भार्गव ने विद्यार्थियों को मतदाता शपथ दिलाई और उन्हें अपने आसपास के लोगों को भी इस अभियान में शामिल होने के लिए जागरूक करने का संदेश दिया। महाविद्यालय की प्राचार्या राजुल गोयल सहित समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

इस कार्यशाला ने युवा मतदाताओं को न केवल ऑनलाइन एन्यूमरेशन फार्म भरने की प्रक्रिया से परिचित कराया, बल्कि उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के महत्व को भी समझाया। यह पहल जिले में मतदान जागरूकता और नागरिक जिम्मेदारी को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story