खानपुर, 28 जनवरी 2026

राजस्थान विधानसभा क्षेत्र खानपुर-बकानी से विधायक श्री सुरेश गुर्जर ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में गत तीन दिनों से हो रही ओलावृष्टि एवं भारी बारिश से किसानों को हुए व्यापक नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की है।

फसलों की तबाही और प्रभावित क्षेत्र

विधायक श्री गुर्जर ने बताया कि "26, 27 एवं 28 जनवरी 2026 को हुई लगातार ओलावृष्टि और बारिश के कारण प्रदेश के सैकड़ों गांवों में किसानों की खड़ी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।"

गेहूं, सरसों, मिर्च, टमाटर, धनिया, कलौंजी सहित अन्य रबी फसलों को भारी क्षति पहुंची है। कई क्षेत्रों में तो लगभग 90 प्रतिशत तक फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर गहरा संकट

उन्होंने कहा कि "राजस्थान की अर्थव्यवस्था कृषि पर आधारित है और ग्रामीण क्षेत्र की अधिकांश आबादी अपनी आजीविका के लिए खेती पर निर्भर है।" इस प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इसके अतिरिक्त ओलावृष्टि से ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

नियम 50 के तहत विधानसभा में मांग

श्री सुरेश गुर्जर ने राजस्थान विधानसभा के कार्य संचालन नियम 50 के अंतर्गत इस अत्यंत गंभीर एवं अविलंबनीय लोक महत्व के विषय पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है।

उन्होंने मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल गिरदावरी एवं फसल सर्वे कराया जाए तथा किसानों को उचित एवं शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि वे इस आपदा से उबर सकें।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story