सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में व्याप्त अव्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सामने आ रही खामियों को लेकर भारतीय किसान संघ ने शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान को ज्ञापन सौंपकर कड़ी नाराजगी जताई। संगठन पदाधिकारियों और अधिकारियों के बीच अस्पताल की समस्याओं को लेकर करीब तीन घंटे तक विस्तृत वार्ता चली, जिसमें किसानों और क्षेत्रवासियों से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

भारतीय किसान संघ तहसील रायपुर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में रायपुर अस्पताल में प्रतिदिन नियमित सोनोग्राफी सुविधा शुरू करने की मांग की गई। इसके साथ ही सभी डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने, अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों की सूची सूचना बोर्ड पर प्रदर्शित करने तथा लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों के स्थान पर अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति करने की मांग भी रखी गई।

संगठन ने दंत चिकित्सालय के लिए आधुनिक मशीनें उपलब्ध करवाने, मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना के अंतर्गत सभी आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मुख्यमंत्री निशुल्क जांच योजना के तहत सभी जांचों का नियमित संचालन कराने की मांग उठाई। ज्ञापन में चिकित्सकों द्वारा अनावश्यक रूप से बाहर की जांच लिखे जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की गई।

भारतीय किसान संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समय रहते अस्पताल की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन किसानों और आमजन के हित में ठोस रणनीति बनाकर आंदोलन करेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विभाग की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रांत पशुपालन एवं डेयरी प्रमुख श्री किशन पाटीदार, संभाग कार्यालय मंत्री एवं जिला प्रभारी मनोहर लाल दांगी, संभाग उपाध्यक्ष धन सिंह गुर्जर, जिला अध्यक्ष राधेश्याम गुर्जर, जिला मंत्री कालूराम दांगी, जिला सह मंत्री मनोहर सिंह चौहान, जिला प्रचार प्रमुख महेश मेहर, जिला सहकारिता प्रमुख जगदीश प्रसाद शर्मा, जल संरक्षण प्रमुख पीरु सिंह, जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र पाटीदार, जिला कोषाध्यक्ष शोभाराम डांगी, जिला कार्यालय मंत्री रामलाल डांगी, जिला मंडी प्रमुख कैलाश सेन, रायपुर तहसील अध्यक्ष रामगोपाल पाटीदार, सुनेल तहसील अध्यक्ष श्याम सिंह सोनगरा, बकानी तहसील अध्यक्ष रामबाबू पाटीदार, झालरापाटन तहसील मंत्री सुखदेव राठौर, सत्यनारायण पाटीदार, मुकेश मेहर, बजरंग टेलर, बालमुकुंद गुर्जर, सांवरलाल गुर्जर एवं बनकट सुथार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उठे इस मुद्दे ने क्षेत्र में सरकारी चिकित्सा व्यवस्थाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भारतीय किसान संघ ने साफ संकेत दिए हैं कि मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

Suresh Momiya, Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar

नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय


परिचय

सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • दैनिक बढ़ता राजस्थान
  • दैनिक कोटा ब्यूरो
  • दैनिक दो गज दूरी

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story