झालावाड़ जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) कामखेड़ा में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत राष्ट्रीय स्तर का बाह्य मूल्यांकन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह मूल्यांकन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान, डिप्टी सीएमएचओ (प.क.) डॉ. अरविंद नागर तथा जिला क्वालिटी सेल, झालावाड़ के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा नियुक्त नेशनल असेसर डॉ. संजीव कुमार एवं डॉ. जयेश बोरसानिया भगवानजीभाई ने दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान संस्थान की आठ प्रमुख सेवाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया। मूल्यांकन में सर्विस प्रोविजन, पेशेंट राइट्स, इनपुट्स, सपोर्ट सर्विसेज, क्लीनिकल केयर, संक्रमण नियंत्रण, क्वालिटी मैनेजमेंट तथा आउटकम जैसे महत्वपूर्ण मानकों की गहन समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान मूल्यांकन टीम ने ओपीडी, आईपीडी, प्रयोगशाला, फार्मेसी, टीकाकरण कक्ष, बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, फायर सेफ्टी तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। इसके साथ ही संबंधित रिकॉर्ड एवं दस्तावेजों की जांच भी की गई। टीम ने मरीजों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से फीडबैक प्राप्त कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीज संतुष्टि का भी आकलन किया।

निरीक्षण के उपरांत नेशनल असेसरों ने संस्थान में गुणवत्ता सुधार के लिए आवश्यक सुझाव भी प्रदान किए।

चिकित्सा अधिकारी प्रभारी ने बताया कि NQAS प्रमाणन केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि सुरक्षित, सम्मानजनक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की सतत प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि असेसरों द्वारा दिए गए सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि यदि PHC कामखेड़ा को NQAS राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त होता है, तो यह क्षेत्र की प्रमुख गुणवत्ता प्रमाणित स्वास्थ्य संस्थाओं में शामिल होगा। इससे कामखेड़ा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उच्च संस्थानों में रेफरल तथा मरीजों के आर्थिक बोझ में कमी आएगी।

इस मूल्यांकन के सफल आयोजन में ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशल लोधा, चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. श्री किशन पाटीदार, नर्सिंग ऑफिसर अम्बालाल मीणा, घनश्याम मीणा, सीएचओ बनवारी मीणा, लालचंद लोधा तथा पीएचसी कामखेड़ा की पूरी टीम उपस्थित रही।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story