खानपुर (झालावाड़), 9 दिसंबर। बारां और झालावाड़ जिले के ग्रामीण इलाकों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित परवन अकावद पेयजल परियोजना को अब जमीन पर आकार मिलने जा रहा है। जल जीवन मिशन के तहत इस परियोजना के लिए 3523 करोड़ रुपये का कार्यादेश जारी होने के पश्चात प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष विशाल पार्थ ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

विशाल पार्थ ने बताया कि यह परियोजना कोटा संभाग के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और संवेदनशील प्रशासन की सोच से यह बहुप्रतीक्षित योजना अब तेजी से क्रियान्वित होगी। इस परियोजना के पूर्ण होने पर बारां और झालावाड़ के 1402 गाँवों तथा 276 ढाणियों में लगभग 1.52 लाख परिवारों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।

परियोजना की संरचना पर विस्तार से बताते हुए पार्थ ने कहा कि जल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए दो बड़े पंप हाउस और दो अत्याधुनिक जल फिल्टर प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इनमें बारां जिले के लिए 100 एमएलडी और कोटा–झालावाड़ क्षेत्र के लिए सारोला में 40 एमएलडी क्षमता वाले संयंत्र शामिल हैं। इसके अलावा, 41 स्वच्छ जलाशय, 276 उच्च जलाशय और 661 किलोमीटर लंबी मुख्य ट्रांसमिशन पाइपलाइन का निर्माण क्षेत्र की जल व्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती प्रदान करेगा।

विशाल पार्थ ने परियोजना के सामाजिक और आर्थिक प्रभाव पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से महिलाओं को दैनिक जीवन में राहत मिलेगी, बच्चों और बुजुर्गों का स्वास्थ्य सुधरेगा, और ग्रामीण परिवारों के जीवन में स्थायी सकारात्मक बदलाव आएगा। यह योजना “हर घर नल से जल” के संकल्प को मजबूती प्रदान करेगी और क्षेत्र के सामाजिक–आर्थिक विकास की गति को तेज करेगी।

अंत में विशाल पार्थ ने पुनः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय खानपुर, बकानी, झालावाड़ और बारां जिले की जनता के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे परियोजना की प्रगति पर लगातार नजर रखेंगे और जनता को हर महत्वपूर्ण जानकारी समय पर उपलब्ध कराते रहेंगे।

Suresh Momiya, Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar

नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय


परिचय

सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • दैनिक बढ़ता राजस्थान
  • दैनिक कोटा ब्यूरो
  • दैनिक दो गज दूरी

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story