21.91 लाख रुपये के सोयाबीन बीज खुर्दबुर्द प्रकरण का खुलासा, 198 क्विंटल बीज बरामद; ट्रक जब्त, चालक की तलाश जारी
झालावाड़ के मिश्रौली थाना क्षेत्र में 21.91 लाख रुपये मूल्य के सोयाबीन बीज खुर्दबुर्द करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया। 198 क्विंटल बीज और ट्रक बरामद, जबकि मुख्य आरोपी चालक अभी भी फरार है।

झालावाड़ के मिश्रौली थाना क्षेत्र में व्यापारी से धोखाधड़ी कर गायब किया गया 21 लाख रुपये मूल्य का सोयाबीन बीज और वारदात में प्रयुक्त आईसर ट्रक पुलिस ने किया जब्त।
जिले में धोखाधड़ी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में मिश्रौली थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लाखों रुपये मूल्य के सोयाबीन बीज को खुर्दबुर्द करने के मामले का खुलासा करते हुए 198 क्विंटल वजनी 686 कट्टे सोयाबीन बीज बरामद कर लिए हैं। साथ ही वारदात में प्रयुक्त आईसर ट्रक को भी जब्त किया गया है। मामले में फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में चोरी एवं धोखाधड़ी की घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों की पालना में मिश्रौली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस प्रकरण का सफल खुलासा किया है।
मामले के अनुसार 20 जून 2026 को भवानीमंडी निवासी मोहम्मद इरशाद पुत्र अब्दुल सुभान ने मिश्रौली थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बीज की दुकान है तथा उन्होंने सत्यम सीड्स, जलोदा स्थित किसान वेयरहाउस एबी रोड, वरवाल, शाहजहांपुर (मध्य प्रदेश) से 199.25 क्विंटल सोयाबीन बीज के 695 बैग खरीदे थे। इस खरीद के एवज में 21 लाख 91 हजार 750 रुपये की राशि संबंधित फर्म के खाते में जमा करवाई गई थी।
खरीदे गए बीज को शाहजहांपुर से भवानीमंडी लाने के लिए आईसर ट्रक नंबर RJ17GB3412 में माल लोड किया गया था। ट्रक का चालक परमानंद पुत्र हरिसिंह, निवासी बड़ाय, थाना बकानी था। निर्धारित समय पर माल नहीं पहुंचने पर व्यापारी ने चालक से संपर्क किया। चालक ने स्वयं को पिंडावा क्षेत्र में होने की जानकारी दी और शीघ्र पहुंचने का आश्वासन दिया, लेकिन माल गंतव्य तक नहीं पहुंचा।
इसके बाद व्यापारी द्वारा अपने स्तर पर ट्रक की तलाश की गई। जांच के दौरान ट्रक मिश्रौली थाना क्षेत्र के सिलेहगढ़ स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर खड़ा मिला, लेकिन उसमें लदा पूरा सोयाबीन बीज गायब था और वाहन पूरी तरह खाली पाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी और सोयाबीन बीज खुर्दबुर्द करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा तथा वृत्ताधिकारी भवानीमंडी सत्यनारायण गोदारा के निर्देशन में थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और आसूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए खुर्दबुर्द किए गए 686 कट्टे सोयाबीन बीज, जिनका कुल वजन 198 क्विंटल है, बरामद कर लिए। साथ ही घटना में प्रयुक्त आईसर ट्रक को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार बरामद किए गए सोयाबीन बीज की अनुमानित कीमत 21 लाख 91 हजार रुपये है। मामले में फरार ट्रक चालक और घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा अनुसंधान जारी है।
इस कार्रवाई में मिश्रौली थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक भगवालाल, हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह, कांस्टेबल मुकेश कुमार, शंभूदयाल तथा विशेष भूमिका निभाने वाले कांस्टेबल सूरज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में आर्थिक अपराधों के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Suresh Momiya, Jhalawar
नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय
परिचय
सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- दैनिक बढ़ता राजस्थान
- दैनिक कोटा ब्यूरो
- दैनिक दो गज दूरी
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
